• Fri. Aug 21st, 2026

जावरा में युवक का शव मिला, कुत्तों ने चेहरे को नोचा; पुलिस जवानों को जीवित अवस्था में बैठा मिला था

BySurendra Jain

Aug 19, 2025

खबर पक्की, 19 अगस्त, रतलाम। जिले के जावरा में मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवक का शव मिला। युवक के चेहरे को कुत्तों ने बुरी तरह से नोच रखा था। कुत्तों के नोचने की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।जावरा सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन ने बताया मृतक की पहचान पप्पू (30) पिता पूनमचंद चंद्रवंशी निवासी बड़ायला माताजी पिपलौदा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
शव मिलने की सूचना पर जावरा सीएसपी युवराज सिंह, सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम करवाकर परिजनों को सौंपा।
रात को बस स्टैंड क्षेत्र में बैठा था
युवक सोमवार-मंगलवार की रात डेढ़ बजे बस स्टैंड क्षेत्र में बैठा था। जावरा सिटी थाना के गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने युवक को देखा। पूछताछ कर फोटो लिया था। लेकिन सुबह उसी का शव मिला। पुलिसकर्मियों द्वारा लिए गए फोटो के आधार पर युवक की शिनाख्त हो पाई।
थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन ने बताया मृतक पप्पू अरनियापिथा में रहकर प्रतिदिन मजदूरी के लिए जावरा आता-जाता था। सोमवार रात लगभग डेढ़ से 2 बजे वह नशे की हालत में बस स्टैंड क्षेत्र में घूम रहा था। गश्त के दौरान पुलिस जवानों ने उससे पूछताछ की। उसने बस नहीं मिलने की बात कही थी। इसके बाद जवान वहां से लौट गए। युवक मोबाइल भी नहीं रखता था। चप्पल भी वहीं मिली।
सुबह बस स्टैंड क्षेत्र के आसपास के लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो देखा कि उसका चेहरा क्षत-विक्षित हालात में था। आसपास सीसीटीवी चैक किए तो कुत्ते आसपास चेहरे को नोचते हुए दिखे।
थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में नशे में अचेत होकर गिरने पर सिर में चोट लगने की संभावना है। गिरने के बाद वह उठ नहीं पाया। खून देखकर कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया होगा। अचेत होने के कारण वह अपने बचा नहीं पाया होगा।
जावरा सीएसपी युवराजसिंह ने बताया कि युवक गिरा कैसे है। चोट कैसे लगी है। एनिमल बाइट से मौत हुई है या नहीं। सारे तथ्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेंगे। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
एफएसल अधिकारी अतुल मित्तल ने बताया प्रारंभिक जांच में मौत के बाद ही कुत्तों ने युवक चेहरे को नोचा है। शरीर के बाकि किसी भी जगह चोट के निशान नहीं है। पीएम रिपोर्ट में सारे तथ्य सामने आएंगे।

You missed

error: Content is protected !!