रतलाम। विशाल हृदय वाले संस्कार जब तक जन्म नहीं लेंगे, तब तक विभाजक परिस्थितियों का समाधान नहीं होगा। चेतन्य काश्यप परिवार ने यह आयोजन कर हमें एक रंग में रंग दिया है। आज पूरे देश को भी एक रंग में ही रंगने की जरूरत है। धर्म, जाति, समुदाय के भेद नहीं होंगे, तभी देश आगे बढ़ेगा। महामण्डलेश्वर स्वामी श्री चिदम्बरानंद सरस्वतीजी महाराज के इन उदगारों के साथ बुधवार को श्री हरिहर सेवा समिति के तत्वावधान में बरबड़ स्थित विधायक सभागृह में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ।
मंगलाचरण से कथा का शुभारंभ करते हुए स्वामीजी ने कहा धर्म सदैव नैत्र का काम करता है। जीवन में यदि धर्म नहीं होगा तो वह अंधकारमय रहेगा। राजनीति में धर्म की बात सभी करते है, लेकिन जिस प्रकार धर्म के बिना जीवन अंधकारमय हो जाता है, धर्म नहीं होगा तो राजनीति भी अंधी हो जाएगी। धर्म संस्कार देता है, दृष्टि प्रदान करता है और जोडऩे का काम करता है। धर्म को तोडऩे वाला बताना गलत है। ऐसी बात जो लोग करते है, उन्हें धर्म के मर्म को समझना चाहिए। पुरूषोत्तम मास में श्रीमद् भागवत के श्रवण का प्रसंग पुण्योदय से आता है। विधायक चेतन्य काश्यप ने यह आयोजन कर समाज को जोडऩे का कार्य किया है। कथा के मंच पर आज विभिन्न समाजों की उपस्थिति भारत की आदर्श व्यवस्था है। काश्यप परिवार ने दो वर्ष पूर्व रतलाम में ऐतिहासिक चातुर्मास कर संतों की सेवा का जो लाभ लिया है, उसी के फलस्वरूप पुरूषोत्तम मास में उसे भागवत के आयोजन का अवसर प्राप्त हुआ है।
काश्यप परिवार द्वारा पौथी पूजन
कथा के आरंभ में विधायक, राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप, नीता काश्यप, श्रवण काश्यप, अमि काश्यप, सारांश काश्यप ने पौथी पूजन किया। स्वामीजी का स्वागत श्री काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष कान्हसिंह चौहान, ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, श्री हरिहर सेवा समिति अध्यक्ष मोहनलाल भट्ट, सनातन धर्मसभा अध्यक्ष कोमलसिंह राठौर, श्री बरबड़ हनुमान मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष कन्हैयालाल सारड़ा, राजपूत समाज अध्यक्ष सुरेशसिंह चावड़ा, श्री मेवाड़ा भांभी सूत्रकार समाज अध्यक्ष जगदीशचन्द्र हरारिया, श्रीमाली समाज अध्यक्ष महेश दशोत्तर, वरिष्ठ समाजसेवी प्रमोद व्यास, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, पूर्व महापौर आशा मौर्य, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, क्षेत्रीय पार्षद प्रहलाद पटेल, सीमा टांक आदि ने किया। संचालन आशीष दशोत्तर द्वारा किया गया।
भीषण गर्मी में कलश लेकर उमडा आस्था का सैलाब
श्रीमद भागवत कथा ज्ञानयज्ञ से पूर्व बरबड रोड स्थित स्व कल्याणमल पुरोहित के निवास जोधा बाग से भीषण गर्मी में भागवत कलश यात्रा निकली। इसमें चिलचिलाती धूप में महिलाओं की आस्था सिर पर कलश धारण किए चल रही थी। कलश यात्रा में आगे-आगे बैंड-बाजों के साथ घुडसवार हाथों में धर्म ध्वजा लिए हुए थे। लाल रंग के वस्त्रों में महिलाओं के सैलाब के साथ श्री सनातन धर्म सभा के कार्यकर्ता भी केशरिया साफा बांधे हुए चल रहे थे। यात्रा में महामंडलेश्वर स्वामी श्री चिदम्बरानंदजी सरस्वती भी बग्गी में सवार होकर शामिल हुए। धर्म के जयकारे लगाते हुए यह यात्रा विधायक सभागृह पहुंची। यात्रा आगमन के साथ आयोजक परिवार के श्रवण काश्यप एवं अमि काश्यप ने श्रीमद् भागवत पौथी को सिर पर धारण कर व्यास गद्दी पर विराजित किया। कथा के अंत में विधायक श्री काश्यप, निगम अध्यक्ष श्री पोरवाल, गायत्री परिवार के पातीराम शर्मा, हरिहर सेवा समिति के श्री भटट व वेदलाल शर्मा द्वारा आरती की गई।
विधायक सभागृह में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य शुभारंभ, भीषण गर्मी में भी उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
