• Thu. Jul 30th, 2026

कविता रैना हत्याकांड में इंदौर सेशन कोर्ट शुक्रवार को सुनाएगी फैसला

BySurendra Jain

May 17, 2018

इंदौर। पौने तीन साल पहले हुए कविता रैना हत्याकांड में सेशन कोर्ट शुक्रवार को फैसला सुनाएगी। हत्यारे ने कविता को मौत के घाट उतारने के बाद शव के 6 अलग-अलग टुकड़े कर दिए थे। मृतका के गायब होने के दो दिन बाद ये टुकड़े नवलखा क्षेत्र में नाले में मिले थे। इस चर्चित हत्याकांड के करीब ढाई महीने बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से वह जेल में है।

मित्रबंधु नगर में रहने वाली कविता रैना 24 अगस्त 2015 को स्कूल से लौट रही बेटी को लेने के लिए बस स्टैंड पर जा रही थी। तभी वह गायब हो गई। बाद में उसका शव नौलखा क्षेत्र के नाले में पड़ा मिला था, जो 6 टुकड़ों में बोरे में बंद था। पुलिस ने कॉलेनी में ही रहने वाले महेश बैरागी को हत्या के मामले में आरोपित बनाया है।

अभियोजन की तरफ से एजीपी एनए मंडलोई और राकेश पालीवाल पैरवी कर रहे हैं जबकि आरोपित की तरफ से सीनियर एडवोकेट चंपालाल यादव पक्ष रख रहे हैं। अभियोजन की तरफ से 41 गवाहों के बयान कराए गए। इधर, आरोपित ने भी बचाव साक्ष्य के रूप में एक गवाह को बुलाया। सप्ताहभर पहले दोनों पक्षों की अंतिम बहस सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा था, जो शुक्रवार को जारी होगा।

हाई कोर्ट भी पहुंचा था मामला

सुनवाई की सुस्त गति को लेकर यह प्रकरण हाई कोर्ट भी पहुंचा था। आरोपित ने आरोप लगाया था कि अभियोजन जानबूझकर प्रकरण को धीमी गति से चला रहा है। इस पर हाई कोर्ट ने सेशन कोर्ट को 6 माह में प्रकरण की सुनवाई पूरी करने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद सुनवाई करीब ढाई साल चली।

error: Content is protected !!