नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान सागर की आशंका से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और लक्षद्वीप समूह को एडवाइजरी जारी की है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे अगले 48 घंटों तक अदन की खाड़ी और उससे लगे अरब सागर के पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में न जाएं।
इस दौरान 70 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठने की संभावना है। चक्रवाती तूफान यमन के अदन शहर से करीब 390 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में और सोकोत्रा द्वीप समूह से 560 किलोमीटर पश्चिमी-उत्तर पश्चिम में अदन की खाड़ी के ऊपर केंद्रित है।
मौसम विभाग ने कहा है कि यह चक्रवात अगले 48 घंटे में और मजबूत होगा और दक्षिण-पश्चिम की तरफ बढ़ेगा। अगले 24 घंटे में इसकी चपेट में अदन की खाड़ी के अलावा दक्षिण पश्चिम अरब सागर और पश्चिम मध्य अरब सागर के आसपास के क्षेत्र आ सकते हैं।
चक्रवात सागर की आशंका, छह तटीय प्रदेशों को अलर्ट
