• Sat. Aug 1st, 2026

पश्चिम बंगाल के नदिया में तूफान से 200 घर ढहे, 13 राज्यों में अलर्ट के बाद हरियाणा में स्कूल बंद

BySurendra Jain

May 7, 2018

नई दिल्ली/कोलकाता। देश में आंधी-तूफान एक बार फिर से कहर बरपा सकता है। गृह मंत्रालय ने देश के करीब 13 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में आज को आंधी, पानी के साथ ओले गिरने की आशंका जताई है। इस बीच पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में आए तूफान के चलते 200 घर तबाह हो गए हैं वहीं सात लोग घायल हो गए। केंद्र द्वारा जारी अलर्ट के बाद हरियाणा में आज से दो दिनों के लिए सभी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

पश्चिम बंगाल के नदिया में तूफान से 200 घर ढहे

पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में रविवार को तूफान से सात लोग घायल हो गए और करीब 200 घर ढह गए। तूफन की रफ्तार 90-100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। डीएम सुमित गुप्ता ने बताया कि सात लोग घर ढहने या पेड़ों के उखड़ जाने से घायल हुए। जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार तूफान में 300 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त भी हो गए।

चेतावनी जारी, रहें सावधान

गृह मंत्रालय की एक चेतावनी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के छिटपुट इलाकों में आंधी, बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है। इसी प्रकार उत्तराखंड और पंजाब में तेज हवाओं के साथ बरसात की उम्मीद है। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बरसात का अनुमान लगाया गया है। गृह मंत्रालय ने मौसम विभाग की एक एडवाइजरी के आधार पर रविवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी तेज हवाओं के साथ बरसात होने की संभावना है। इसी प्रकार पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है। ध्यान रहे पिछले हफ्ते आए धूल भरी आंधी, तूफान और गरज के साथ बारिश के चलते सवा सौ लोगों के मारे जाने और करीब 300 लोगों के घायल होने की खबर है।

आज और कल बंद रहेंगे हरियाणा के स्कूल

तूफान की आशंका के कारण हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों को सोमवार और मंगलवार को बंद रखने का फैसला किया है। राज्य के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा के अनुसार, मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर राज्य के सभी स्कूल सात और आठ मई को बंद रहेंगे।

You missed

error: Content is protected !!