नई दिल्ली/जयपुर। प्रचंड गर्मी के बीच बुधवार को देश के कुछ हिस्सों खासकर दिल्ली, यूपी व राजस्थान में आंधी व बारिश का कहर बरपा। इससे यूपी में जहां 18 तो वहीं राजस्थान में आंधी से 13 लोगों की मौत हो गई। उधर पश्चिम बंगाल और झारखंड में वज्रपात से 15 लोगों की जान चली गई।
राजधानी में बुधवार शाम 4.45 से 4.47 तक मात्र दो मिनट चली आंधी ने शहर को झकझोर दिया। इस दौरान हवा की रफ्तार 59 किमी प्रति घंटा रही। दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत 15 फ्लाइट को डायवर्ट किया गया। कुछ जगह पेड़ गिरने से ट्रैफिक बाधित हो गया। जबकि संसद मार्ग, लाजपत नगर व द्वारका में 7.40 बजे के बाद तेज बारिश हुई। सफदरजंग मौसम केंद्र ने 13.4 मिमी बारिश दर्ज की।
