रतलाम। जम्मू से चलकर हापा (गुजरात) जाने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस के मंगलवार सुबह रतलाम आने पर ट्रेन में सवार यात्रियों ने हंगामा कर दिया। ट्रेन के एसी और आरक्षित कोच में सफाई नहीं होने से यात्री नाराज थे। दिल्ली से यात्री कोच की सफाई की मांग की जा रही थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। सुबह जब ट्रेन रतलाम आई तो यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।ट्रेन संख्या 12476 सुबह 8.50 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर आई। ट्रेन के रुकने पर एसी और अन्य आरक्षित कोच में सवार यात्री स्टेशन मास्टर के पास पहुंचे। ट्रेन में गंदगी और सफाई नहीं होने की शिकायत की। स्टेशन पर भी बात को अनसुना करने पर यात्री आक्रोशित हो गए और प्लेटफॉर्म पर ही हंगामा शुरू कर दिया।ट्रेन 9.15 बजे तक प्लेटफॉर्म पर ही खड़ी रही। हंगामे को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल के जवान पहुंचे। जवान जब यात्रियों को समझाइश देने लगे तो हंगामा और बढ़ गया। मुश्किल से एक-दो कोच की ही सफाई हो पाई और ट्रेन को रवाना कर दिया गया।दिल्ली से रतलाम के लिए सवार यात्री राजेश ओझा का कहना था कि ट्रेन दिल्ली से चली तो बीच के स्टेशनों पर सफाई को लेकर किसी ने ध्यान नहीं दिया। टॉयलेट भी जाम हो गए। कोच में बड़ी मात्रा में कचरा बिखरा पड़ा रहा। टीटी ने भी समस्या नहीं समझी। ट्रेन के नागदा पहुंचने पर रतलाम में सफाई की बात कहकर टाल दिया गया। एसी के बी 3 कोच में रतलाम से अहमदाबाद के लिए सवार हुए यात्री चेतन शर्मा ने बताया कि ट्रेन काफी गंदी थी। जगह-जगह कचरा पड़ा था।
इसलिए आ रही समस्या
ट्रेन में सीटीएस (क्लिन ट्रेन स्टेशन) के अंतर्गत सफाई बंद हो गई है। रेलवे ने कोटेशन पर मात्र आधा दर्जन कर्मचारियों के भरोसे सफाई व्यवस्था ठेके पर दी है। इन्हें भी केवल शिकायत मिलने पर ही सफाई करना रहता है। शिकायत पर खानापूर्ति कर एक, दो कोच पर ध्यान देकर सफाई कर दी जाती है।
