मुंबई। मशहूर एक्ट्रेस श्रीदेवी की मौत को लेकर किए गए एक ट्वीट की वजह से सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी की काफी किरकिरी हुई है। असल में कांग्रेस पार्टी ने श्रीदेवी की मौत पर संवेदना जाहिर करने वाले ट्वीट में यह भी लिख दिया था कि 2013 में यूपीए के कार्यकाल में श्रीदेवी को पद्मश्री मिला था।
इसके बाद कांग्रेस पार्टी ट्विटर पर जमकर ट्रोल हुई और उसे अपना ट्वीट भी डिलीट करना पड़ा। पॉपुलर ट्विटर हैंडल @GabbbarSingh ने कांग्रेस के ट्विट पर जवाब देते हुए लिखा- यह मेंशन करें- वह नेहरू के प्रधानमंत्री रहने के दौरान ही पैदा हुईं थीं। राइटर @SandipGhose ने लिखा कि राहुल गांधी, आपने अवॉर्ड को इस रूप में पेश किया है जैसे कि आपने फेवर किया हो। पद्म अवार्ड नागरिक को देश की ओर से दिए जाते हैं, ना कि किसी राजनीतिक पार्टी की ओर से। ट्विट से आपने अपमान किया. @coolfunnytshirt ने लिखा- ‘अगला क्या? वह कांग्रेस सरकार के दौरान की पैदा हुई थी।’ @VikasSaraswat ने लिखा कि ‘यह कांग्रेस की विनम्रता है, उन्होंने श्रीदेवी के रहने, खाने और सांस लेने का क्रेडिट नहीं लिया है। बाद में कांग्रेस पार्टी की ओर से नया ट्विट किया गया जिसमें दोबारा श्रीदेवी को श्रद्धांजलि दी गई।’आपको बता दें कि बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा श्रीदेवी का निधन हो गया है। श्रीदेवी 54 साल की थीं। उन्होंने दुबई में आखिरी सांस ली। मौत की खबर सुनने के बाद मुंबई में श्रीदेवी के घर उनके फैंस का तांता लगना शुरू हो गया है। लोग देर रात से ही श्रीदेवी के घर के बाहर पहुंचकर अफसोस जाहिर कर रहे हैं। दुबई में मोहित मारवाह की शादी थी। मोहित बोनी, अनिल और संजय कपूर के भांजे हैं। इस शादी में श्रीदेवी भी शामिल हुई थीं। उनके साथ बेटी खुशी, अनिल कपूर भी मौजूद थे। चार दशकों तक सिल्वर स्क्रीन पर चांदनी बिखेरनी वाली श्रीदेवी ने हाल ही में मॉम फिल्म में अहम रोल निभाया था।
