रतलाम। रतलाम आयुष कार्यालय में पदस्थ एक लिपिक का 30 वर्षीय बेटे की बुधवार सुबह पेटलावद रोड से लाश बरामद की गई है। वह मंगलवार शाम से लापता था। परिवार के लोगों ने उसके अपहरण की आशंका जाहिर की और पुलिस के साथ उसकी तलाश में जुट ग। पेटलावद रोड से उसका शव बरामद किया गया है। मृत युवक बदनावर की माइक्रो फाइनांस कंपनी बेल स्टार में काम करता था।
युवक का नाम राहुल बैरागी है। उसके पिता महेंद्र कुमार बैरागी निवासी डी.डी. नगर जिला आयुष कार्यालय रतलाम में मुख्य लिपिक है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे राहुल बदनावर से रतलाम आने के लिए निकला था। शाम 6.30 बजे दोस्त राहुल जैन से उसकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। राहुल बैरागी ने अपने दोस्त को बताया था कि वह तूफान गाड़ी से रतलाम आ रहा है, लेकिन देर रात तक वह रतलाम नहीं पहुंचा। सुबह परिजनों ने डी.डी. नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई। बुधवार सुबह साइबर सेल ने जांच शुरू की तो पता चला कि राहुल बैरागी बिलपांक तक पहुंचकर वापस लौट गया था। उसका मोबाइल फोन धार जिले के कानवन में पहुंचकर स्वीच ऑफ हो गया है। पुलिस की एक टीम ने इस पूरे रूट पर उसकी सर्चिंग शुरू की। जिला आयुष विभाग में उसके पिता के सहयोगी कर्मचारी भी राहुल बैरागी की तलाश में जुट गए थे। सभी लोगों ने बदनावर, कानवन इलाके में उसकी तलाश करते रहे, इसी बीच किसी ने बदनावर से 4 किलोमीटर दूर पेटलावद रोड पर मॉडल स्कूल के सामने झाड़ियों में एक शव पड़ा होने की सूचना दी। परिवार के सदस्य और साथ गए लोगों ने इस लाश की पहचान राहुल के रूप में की। एएसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार शव की पहचान कर ली गई है। उसकी हत्या किए जाने की आशंका है, हालांकि पीएम रिपोर्ट से ही इसकी पुष्टी हो सकेगी।
