रतलाम। उदयपुर से रतलाम होकर इंदौर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन (19330) का रविवार सुबह उज्जैन स्टेशन के नजदीक इंजिन पटरी से उतर गया। मौके पर पटरी का टूटा हुआ टुकड़ा मिला है। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोका। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए इस बात की आशंका है कि किसी अज्ञात शख्स ने ट्रेन मार्ग अवरूद्ध करने के लिए यह पटरी का टुकड़ा काटा है, हालांकि रेल्वे के अधिकारी इस आशंका की पुष्टि नहीं कर रहे है।
यह ट्रेन रात 8.35 बजे उदयपुर से चलकर सुबह 4.20 बजे रतलाम पहुंचती है। यहां से सुबह 6 उज्जैन होकर 8.30 बजे इंदौर स्टेशन तक जाती है। रविवार सुबह ट्रेन निर्धारित समय से करीब 2 घंटे देरी से चल रही थी। सुबह 8.24 बजे उज्जैन स्टेशन से जैसे ही ट्रेन इंदौर जाने के लिए रवाना हुई, स्टेशन से कुछ दूरी पर ही ड्राइवर को इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। इमरजेंसी ब्रेक के बावजूद इंजिन के 2 पहिए पटरी से नीचे उतर गए। ड्राइवर को मौके पर पटरी का एक बड़ा टुकड़ा टूटा हुआ मिला। तत्काल ही रतलाम में कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी गई। मामला संवेदनशील था लिहाजा चीफ सेफ्टी ऑफिसर मनोज शर्मा, एडीआरएम आर.के. गुप्ता, उज्जैन के पुलिस अधिकारी सहित संबंधित सारे ही विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ट्रेक को पूरी तरह बंद किया गया। करीब 3 घंटे तक कुछ गाड़ियों को उज्जैन स्टेशन पर ही रोके रखा गया। सुबह 11 बजे इंजिन को पटरी पर लाकर ट्रेक दुरूस्त किया गया।
रतलाम मंडल रेल पीआरओ जे.के. जयंत के मुताबिक मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच की है। पटरी का टुकड़ा दुर्घटनावश क्रेक हुआ है या किसी साजिश के तहत इसे काटा गया है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। हमारी पहली प्राथमिकता ट्रेक पुन: चालू करना थी। जांच के बाद स्थिति साफ हो पाएगी।
