• Sun. Aug 16th, 2026

पाइप लाइन के पानी से खेतों में सिंचाई, अधिकारियों से बोली महापौर कार्रवाई करो

BySurendra Jain

Nov 23, 2017

 

रतलाम । नगर की पेयजल व्यवस्था किसी भी रूप से बाधित ना हो इस उद्देश्य से महापौर डॉ0 (श्रीमती) सुनीता यार्दे ने धोलावाड़ व मोरवानी फिल्टर प्लांट का आकस्मिक निरीक्षण जलकार्य एवं सीवरेज समिति प्रभारी श्री प्रेम उपाध्याय के साथ कर अव्यवस्थाओं को दूर करने के निर्देश दिये।

महापौर डॉ0 सुनीता यार्दे ने नवीन इन्टकवेल के निरीक्षण के दौरान इन्टकवेल पुल पर रखे पुराने पाईपों को हटाकर उचित स्थान पर रखवाये जाने के निर्देश कर्मचारियों को दिये ताकि पुल वजन से क्षतिग्रस्त ना हो। इसके अलावा उन्होने नवीन इन्टकवेल की नियमित रूप से साफ-सफाई करवाये जाने के निर्देश भी दिये।

नवीन इन्टकवेल के तीन टरबाईन में से दो टरबाईन खराब होने से उन्हे तत्काल दुरस्त करवाये जाने के निर्देश महापौर ने दिये ताकि आपातकालीन स्थिति उत्पन्न ना हो साथ ही नवीन इन्टकवेल के समीप कर्मचारियों के लिये बनाये गये अधूरे कमरे का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये ताकि कर्मचारियों का ठण्ड एवं बरसात से बचाव हो सके।

      पुराने इंटकवेल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के निर्देश महापौर ने दिये ताकि कर्मचारियों को रात्रि में सुविधा हो साथ ही पुराने इंटकवेल के कुएं में जमा हुई गाद को हटाने के लिये 25-30 लेबर लगाये जाकर गाद को निकलवाये जाने के निर्देश भी दिये ताकि गाद के कारण किसी प्रकार की समस्या ना हो।

      पानी का अपव्यय ना हो इस हेतु विभिन्न स्थानों पर लगे एयर वॉल्व व पाईप लाईन के लीकेजो को दुरस्त करने व पानी चोरी कर खेतो में सिंचाई करने वाले नागरिकों के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने निर्देश महापौर ने निरीक्षण के दौरान दिये। 

      महापौर डॉ0 सुनीता यार्दे ने निरीक्षण के दौरान धोलावाड़ से थोड़ी ही दूरी पर देखा कि ग्रामीणों द्वारा पाईप लाईन से सीधे पानी लिया जा रहा है उसमें नल/टोटी की व्यवस्था नहीं होने से 24 घन्टे पानी बहकर आगे की ओर तालाब का रूप ले रहा है ओर ग्रामीण उस पानी से खेतो में सिंचाई कर रहे है। इस हेतु उन्होने निर्देशित किया कि उक्त स्थान पर बड़ी मात्रा में हो रहे पानी के अपव्यय को रोका जाये।

      मोरवानी फिल्टर प्लांट के निरीक्षण के दौरान महापौर ने देखा कि पुराने पम्प हाउस में तीन मोटरों में से एक ही मोटर 300 एचपी की चालू है जो प्रातः 5 बजे से रात्रि 02ः45 तक चलती है ऐसी स्थिति में एक मात्र चालू हालत की मोटर खराब होने से बड़ी समस्या उत्पन्न हो सकती है इस हेतु उन्होने निर्देशित किया कि दोनो बंद पड़ी 250-250 एचपी की मोटरों को भी सुधरवाया जाकर बारी-बारी से तीनों मोटरों को चलाया जाये ताकि एक ही मोटर पर पुरा लोड ना पड़े ओर आपात स्थिति से बचा जा सके साथ ही पुराने पम्प हाउस के दोनो बंद टरबाईनों को भी चालू करवाया जाये।

      फिल्टर प्लांट स्थितपानी में क्लोरिन मिक्सींग करने वाले सम्पवेल की छत टुटी होने  से क्लोरिन पानी में नहीं मिल पाती है और उड़ जाती है इस हेतु नवीन छत बनवाये जाने एवं प्रारंभिक तौर पर छत के टुटे हुए हिस्से में जाली लगवाये जाने के निर्देश महापौर ने निरीक्षण के दौरान दिये।

      मोरवानी फिल्टर प्लांट के निरीक्षण के दौरान महापौर ने देखा कि की नवीन लेब के उपर बनी पानी की टंकी लीकेज होने से पानी लेब में टपकता है जिससे लेब के संसाधन खराब हो रहे है इस हेतु टंकी का लीकेज दुरस्त करवाये जाने के निर्देश के साथ ही लेब की टूटी-फुटी वायरिंग नई करवाई जाने तथा लेब की नियमित रूप से सफाई करवाई जाने के निर्देश दिये।

            निरीक्षण के दौरान महापौर ने बंद पड़े पुराने प्लाकुलेटर को दुरस्त करवाये जाने के निर्देश के साथ ही नये पम्प हाउस तीन मोटरों में से एक मोटर के खराब स्टार्टर को दुरस्त करवाये जाने के निर्देश दिये। इसके अलावा मोरवानी फिल्टर प्लांट का रंग रोगन करवाये जाने के साथ ही रेस्ट हाउस का रिस्टोरेशन कार्य करवाये जाने तथा शहर से निकलने वाले सोडियम वेपर लेम्पो को धोलावाड़ और मोरवानी फिल्टर प्लांट पर लगवाया जाकर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करवाये जाने के निर्देश दिये।

You missed

error: Content is protected !!