नईदिल्ली। भारत में महंगाई थोड़ी भी बढ़ी कि हल्ला मच जाता है। राजनैतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो जाते है। क्या आप जानते है दुनिया में एक ऐसा भी देश है जहां महज 1 बोतल दूध के लिए 84 हजार रूपए खर्च करना पड़ते है। एक माह का राशन खरीदना हो तो नोटों को थेले में भरकर ले जाना पड़ता है। महंगाई के बोझतले दबे इस देश में अब भूखमरी फैलने लगी है।
हम बात कर रहे है, वेनेजुएला की। महंगाई के कारण यहां हालात बद से बद्तर होते जा रहे हैं। गरीब तबके के लोगों के लिए यहां एक वक्त के खाने का अकाल पड़ गया है। वेनेजुएला के केंद्रीय बैंक के पास अब सिर्फ 10 अरब डॉलर बचे हुए हैं। बैंक का खाजाना कर्ज चुकाने में ही खत्म हो गया है। इसके बाद भी वह अपना पूरा कर्ज नहीं दे पाया है। उसे रूस, चीन और जापान जैसे देशों का कर्ज भी चुकाना है। महंगाई की वजह से यहां की मुद्रा बॉलिवर की वैल्यू बहुत ज्यादा घट गई है। यहां एक डॉलर की वैल्यू 84000 बॉलिवर हो गई है।
4000 फीसदी बढ़ गई है महंगाई
भारत में जहां 3 फीसदी से भी ज्यादा महंगाई बढ़ने पर हंगामा मच जाता है। वहीं वेनेजुएला में महंगाई 4000 फीसदी बढ़ गई है। एक समाचार एजेंसी के अनुसार यहां के लोगों का अतिमहंगाई ने बुरा हाल कर दिया है। दुकानों में रोजमर्रा की चीजें नहीं मिल रही हैं और जहां मिल रही हैं, तो वहां महीने भर की राशन खरीदने के लिए लाखों बॉलिवर की जरूरत पड़ रही है।
7 लाख में होता है एक हफ्ते का गुजारा
इसका सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ा है, जो गरीब तबके से आते हैं। उन्हें मिलने वाला 2.2 लाख बॉलिवर न्यूनतम वेतन भी एक महीने की राशन नहीं खरीद पा रहा है। उन्हें एक हफ्ते के लिए राशन खरीदने की खातिर ही 7 लाख 72 हजार से ज्यादा बॉलिवर खर्च करने पड़ रहे हैं। इसकी वजह से यहां भुखमरी के हालात पैदा हो गए हैं। जगह-जगह हिंसक प्रदर्शन होने लगे हैं।
एक दर्जन अंडों की कीमत 12 हजार रुपये
वेनेजुएला में रोजमर्रा के जरूरी सामान की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसकी वजह से यहां काला बाजारी काफी फल-फूल रही है। जिनके पास पैसे हैं, वे लोग इन बाजारों से खरीदारी कर रहे हैं। एक अमेरिकन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक ब्लैक मार्केट में एक दर्जन अंडे की कीमत 150 डॉलर है। भारतीय रुपये में यह कीमत 12 हजार रुपये के करीब आती है। इसी तरह एक किलो आटे के लिए यहां लोगों को 9.50 डॉलर (617 रुपये) चुकाने पड़ रहे हैं।
बढ़ता जा रहा संकट
सीएनएन के मुताबिक वेनेजुएला में संकट बढ़ता जा रहा है। यहां की मुद्रा की वैल्यू दिन-प्रतिदिन तेजी से घट रही है। 1 नवंबर को 1 डॉलर 41290 वेनेजुएला नोटों (बॉलिवर) के बराबर था। 15 नवंबर को बढ़कर यह 60942 बॉलिवर पर पहुंच गया है और 21 तारीख को 1 डॉलर के लिए लोगों को 84,372 बॉलिवर देने पड़ रहे थे।
(समाचार पोर्टल आज तक से साभार)
