रतलाम। पिपलोदा के पास गांव नवलखा में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गला काटकर हत्या कर दी। प्रेमिका की हत्या के बाद वह खुद फांसी के फंदे पर झूल गया। रविवार सुबह लोगों ने गांव के नजदीक सड़क किनारे दोनों का शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले शख्स का नाम भंवर नायक उम्र 40 साल निवासी नवलखा है। गांव के लोगों ने पुलिस को बताया कि भंवर पहले से शादीशुदा था। इसके अलावा उसका गांव में रहने वाली 30 वर्षीय मंजू से प्रेम प्रसंग था। दोनों 5 साल से साथ रहकर गुजरात में मजदूरी के लिए जाया करते थे। दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ यह फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। रविवार सुबह गांव के लोगों ने सड़क किनारे पर मंजू का शव पड़ा देखा। धारदार हथियार से उसकी गर्दन काटी गई थी। इससे करीब 15 फिट दूरी पर ही एक पेड़ से भंवर का शव लटका हुआ था। घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि खुद भंवर ने ही पहले मंजू का गला काटा और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली।
