• Wed. Sep 16th, 2026

बाजना शराब दुकान के सेल्समैन को गोली मारी, घायल

BySurendra Jain

Oct 9, 2021

खबर पक्की, 9 अक्टूबर, रतलाम। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बाजना में दिनदहाड़े शराब दुकान के सेल्समैन को गोली मार दी गई। इससे वह घायल हो गया। उसे बाजना के सरकारी अस्पताल के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो बदमाश बाइक पर आए थे, उनमें से एक ने दुकान में घुसकर फायर किया। फायर करने के बाद भाग रहे एक युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। वहीं दूसरा युवक खेतों में भाग गया था, उसे भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे ग्राम बाजना के बस स्टैंड पर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर सैल्समैन 22 वर्षीय दीपक जायसवाल बैठा हुआ था। तभी दो युवक बाइक पर दुकान पर पहुंचे। बाइक से उतरकर वे दुकान पर गए। एक युवक अंदर पहुंचा व दीपक जायसवार पर गोली चला दी। गोली दीपक के उल्टे पैर में लगी। इससे वह घायल हो गया व खून निकलने लगा। युवक गल्ला लेकर भागने का प्रयास करने लगा। गल्ला वहीं गिर गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया।
कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी की। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने उसे पुलिस को हवाले कर दिया। वहीं उसका साथी खेतों में भाग गया। पुलिस ने पीछा कर उसे भी हिरासत में ले लिया। गोली चलाने का वास्तविक कारण क्या है, यह पता नहीं चल पाया। प्रारंभिक रूप से मामला लूट की नीयत से गोली चलाने का लगता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद ही वास्तविक कारण पता चल पाएगा। उधर घायल दीपक को बाजना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

error: Content is protected !!