रतलाम। महिला एवं बाल विकास विभाग के लेखापाल सुनील रायकवार के लापता होने के मामले में बुधवार को तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने विरोध जताया। कर्मचारी संघ के 100 से ज्यादा प्रतिनिधि पहले महिला एवं बाल विकास विभाग पहुंचे, बाद में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। कर्मचारियो ने चेतावनी दी है कि महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुषमा भदौरिया को नहीं हटाया गया तो गुरूवार से सभी कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे, 6 नवंबर से काम बंद कर दिया जाएगा।
सुनील रायकवार महिला एवं बाल विकास विभाग में लेखापाल है। वे सोमवार शाम से अपने घर से लापता है। औद्योगिक थाने में परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के प्रतिनिधि एसडीएम अनिल भाना को ज्ञापन देते हुए बताया है कि महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुषमा भदौरिया का व्यवहार कर्मचारियों के प्रति ठीक नहीं है। सुनील रायकवार के साथ भी उन्होंने अभद्र व्यवहार किया था। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुषमा भदौरिया विभाग के कर्मचारियों के प्रति काफी सख्त है। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष दीपक सुराना के अनुसार यदि सुषमा भदौरिया को उनके पद से नहीं हटाया गया तो कर्मचारी काम बंद कर देंगे। जिले के अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी इस आंदोलन का समर्थन रहेगा।
इससे पहले कर्मचारी संघ पदाधिकारियों ने खुद सुषमा भदौरिया से भी बात की। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने इन्हें बताया है कि सुनील रायकवार को भी किसी तरह से परेशान नहीं किया गया है। अच्छा काम करने पर उनके नाम का प्रस्ताव मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम में सम्मानित करने के लिए भेजा गया था। हालांकि कर्मचारी सुषमा भदौरिया के इस जवाब से संतुष्ट नहीं थे।
