रतलाम। चोरों के आतंक से केवल आम नागरिक ही नहीं खुद पुलिसकर्मी भी खौफ में है। बंजली स्थित एसएएफ की पुलिस लाइन को भी चोरों ने निशाने पर ले लिया। पुलिस लाइन के चार क्वार्टर में चोरों ने वारदात की और हजारों रूपयों का माल उड़ा ले जाने में कामयाब हो गए। ओद्योगीक थाने में एसएएफ लाइन में चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
वारदात बंजली क्षैत्र स्थित एसएएफ पुलिस लाइन में तीसरी बिल्डींग में रहने वाले एसएएफ के जवानों के क्वाटर्स में हुई। बदमाश यहां योगेन्द्र सिंह पिता लोकेन्द्रपाल सिंह चौहान के सूने फ्लेट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और नगदी एवं आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। ओद्योगीक क्षैत्र थाने पर पदस्थ एसआई रावत के अनुसार चोर दो हजार रुपए नगद और चांदी के पायजब ले गए है। योगेन्द्र सिंह की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है।
महिला के आवाज देने पर कुंडी लगाकर भागे
बदमाशों ने एक फ्लेट के दरवाजे को अंट लगाकर तोड़ दिया। इसके दरवाजे और दीवार को नुकसान पहुंचा है। इस फ्लेट के एक कक्ष में महिला सो रही थी। जब उसने किसी के प्रवेश करने की आवाज सुनी तो घर के पुरुष मुखिया का नाम लेकर आवाज लगाई, घर में पुरुष होने की बात पता चलने पर बदमाश तत्काल दरवाजे की कुंडी लगाकर भाग गए। बाद में महिला ने पड़ोसी को फोन लगाकर घटना की जानकारी दी और कक्ष के दरवाजे की कुंडी खुलवाई। बदमाशों ने इसके अलावा एक अन्य फ्लेट का भी ताला तोड़ा। बदमाश फ्लेट में रखा सामान बिखेर गए। बदमाशों ने यहां अलमारी का सामान भी बिखेर दिया। बदमाशों ने इसी बिल्डींग के एक और खाली क्वाटर का भी ताला तोड़ा, लेकिन वहां उन्हे कुछ नहीं मिला। रात में ही रहवासियों ने 100 डायल को सूचना देकर मौके पर बुलाया। सूचना मिलने पर स्टेशन रोड पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। ओद्योगीक क्षैत्र थाना पुलिस प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश कर रही है।
