खबर पक्की, 26 अगस्त, रतलाम । मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में 30 सितम्बर तक 18 वर्ष से ऊपर की आयु के शत-प्रतिशत लोगों को कोविड वैक्सीन का पहला डोज लगा दिया जाएगा। इसमें कोई कसर नहीं छोडेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान गुरुवार को रतलाम के बरबड स्थित विधायक सभागृह में कोविड वैक्सीनेशन कार्य में सहयोग करने वालों के सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ओ.पी.एस. भदौरिया, सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक शहर चेतन्य काश्यप, विधायक ग्रामीण दिलीप मकवाना, विधायक जावरा डा. राजेन्द्र पाण्डेय, जिला पंचायत प्रधान परमेश मईडा, राजेन्द्रसिंह लुनेरा भी मंचासीन थे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि वैक्सीनेशन कार्य रोज किया जाएगा। जरुरत पडने पर बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के घर जाकर वैक्सीनेशन करने के लिए मोबाइल वैक्सीनेशन सेन्टर भी बनाए जाएंगे। रतलामवासी 30 सितम्बर तक सभी को पहला डोज लगवाएं, कोई भी शेष न रहे यह संकल्प लें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों आदि सभी का आह्नान किया कि वे रतलाम जिले को शत-प्रतिशत वैक्सीनेटेड जिला बनाने के महत्वपूर्ण कार्य में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि 31 दिसम्बर तक शत-प्रतिशत लोगों को सेकेण्ड डोज भी लग जाए, जिससे कि सभी को कोरोना का पूरा सुरक्षा कवच मिल सके।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रतलाम में मेडिकल कालेज की स्थापना की, इसका लाभ न केवल रतलाम जिले बल्कि मंदसौर, नीमच, झाबुआ आदि आसपास के जिलेवासियों को भी कोरोना काल में उपचार के लिए मिला है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में हमने बहुत कष्ट भोगा है, अब हमको सतर्क रहना है, कोरोना से बचना है तो सावधानी रखना पडेगी। दूसरा उपाय शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन है। कोरोना से सुरक्षा कवच चाहिए तो एकमात्र उपाय है टीकाकरण।
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि रतलाम में अभी 70 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ है, 30 प्रतिशत शेष बचे हैं। जिले में 7.34 लाख लोगों को प्रथम डोज लगा है, जबकि 11 लाख 1 हजार लोगों को प्रथम डोज लगना है। दूसरा डोज 1 लाख 40 हजार लोगों को लगा है। उन्होंने रतलामवासियों से आह्रान किया कि कोई भी पहला डोज लगवाकर निश्चित न हो जाए। पहले के बाद दूसरा डोज लगवाना भी जरुरी है। सुरक्षा कवच के लिए कोविड वैक्सीन के दोनों डोज लगवाना जरुरी है जो पहले डोज से बचे हैं वे पहला डोज लगवाएं और जिन्होंने पहला डोज लगवाया है वे दूसरा डोज भी अवश्य लगवा लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है, परन्तु दोनों डोज वैक्सीन लगने के बाद संक्रमण की गंभीरता कम हो जाएगी। किसी के परिवार में यदि कोई शेष बचा हो तो उसे भी दोनों डोज वैक्सीन के लगवाएं।
मुख्यमंत्री ने कोविड वैक्सीनेशन के महाभियान में सक्रिय सहयोग करने वाले स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं आदि सभी को धन्यवाद देते हुए कि वे लोगों के जीवन की सुरक्षा के पुनीत कार्य में जुटे हुए हैं। आगे भी इस कार्य में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। प्रारम्भ में प्रभारी मंत्री श्री भदौरिया, सांसद श्री डामोर, विधायक शहर श्री काश्यप, श्री मकवाना, डा. पाण्डेय एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत किया। श्री काश्यप ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि टीकाकरण महाभियान में मध्यप्रदेश मुख्यमंत्रीजी के नेतृत्व में देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि रतलाम जिला सभी के समन्वित प्रयासों से शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लेगा। सांसद गुमानसिंह डामोर ने कहा कि मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से प्रधानमंत्रीजी ने प्रदेश को सर्वाधिक वैक्सीन के डोज उपलब्ध कराए है, जिससे कि सभी प्रदेशवासी टीकाकरण करवाकर कोरोना से सुरक्षा कवच प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, जितेन्द्र गेहलोत, प्रदीप उपाध्याय, मथुरालाल डामोर, धूलजी चौधरी, निमिष व्यास, श्रीमती सीमा टांक, के.के. सिंह कालूखेडा, शैलेन्द्र डागा, नारायण मईडा, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती मीनाक्षीसिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. इन्द्रजीत बाकलवाल, सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया।
प्रदेश में 30 सितम्बर तक सभी को कोविड वेक्सीन का पहला डोज लगा दिया जाएगा : शिवराजसिंह चौहान, मुख्यमंत्री ने रतलाम में किया कोविड वैक्सीनेशन कार्य में सहयोग करने वालों का सम्मान
