खबर पक्की, 19 अगस्त, रतलाम। रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर फोरलेन के लिए क्षेत्रिय सांसद गुमानसिंह डामोर ने केन्द्रिय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी से भेंट कर एक अनुरोध पत्र उन्हे सौंपा।
उक्त जानकारी प्रेस को देते हुए रतलाम जिला भाजपा मीडिया प्रभारी अरूण राव ने बताया कि श्री डामोर ने पत्र मे अनुरोध करते हुए कहा है कि रतलाम-झाबुआ-अलिराजपुर जिले को केन्द्र सरकार ने भारतमाला परियोजना के अंतर्गत सम्मिलित किया है। इसके लिए डी.पी.आर. बनाने हेतु भी इसे प्राथमिकता पर रखा गया है।
पत्र मे क्षेत्रिय सांसद ने केन्द्रिय मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा है कि रतलाम-झाबुआ क्षेत्र से 8 लेन एक्सप्रेस वे निकल रहा है साथ ही इस क्षेत्र मे लॉजिस्टिक हब एवं ओद्योगिक क्षेत्र का विकास भी होना है। पत्र मे ये भी कहा गया है कि 8 लेन हाईवे का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है जिसके चलते 2022 तक इसके पूर्ण होने की संभावना प्रबल है।
इन सब को देखते हुए क्षेत्रिय सांसद श्री डामोर ने केन्द्रिय मंत्री से अनुरोध किया कि रतलाम-झाबुआ-अलिराजपुर फोरलेन जिसकी लम्बाई लगभग 200 कि.मी. है, को प्राथमिकता पर लेने तथा इसके लिए डी.पी.आर. बनवाने का कष्ट करें। केन्द्रिय मंत्री श्री गडकरी ने क्षेत्रिय सांसद श्री डामोर के अनुरोध पर अपनी सहमति जताते हुए कहा कि उक्त फोरलेन के लिए शीघ्रता से काम किया जायेगा। श्री गडकरी के आश्वस्त किये जाने पर क्षेत्रिय सांसद श्री डामोर ने केन्द्रिय मंत्री का रतलाम-झाबुआ-अलिराजपुर क्षेत्र की जनता की और से आभार प्रकट किया।
रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर फोरलेन पर केन्द्रीय मंत्री गडकरी की सहमति
