रतलाम। साइंस एंड आर्ट्स कॉलेज कॉलेज कैंपस में आदिवासी छात्र संगठन के युवाओं के साथ हुई मारपीट के मामले में अब पूरा समाज ही सामने आ गया है। शुक्रवार को आदिवासी समाज के प्रमुख संगठनों के सदस्यों ने इस मामले में निंदा प्रस्ताव पारित किया, साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि आदिवासी छात्रों के साथ मारपीट करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो समाज बर्दाश्त नहीं करेगा।
गुरूवार को आदिवासी छात्र संगठन जयस के छात्रों के साथ मारपीट की गई थी। हमले में एक युवक को चाकू लगा जबकि 4 मारपीट में जख्मी हुए थे। इस मामले में शुक्रवार को आदिवासी समाज की एक बैठक आयोजित की गई, इस बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित करने के साथ ही मोर्चा खोलकर विरोध जताने का फैसला किया गया। निंदा प्रस्ताव पारित करने वालों में राजेंद्र बारिया, डा. के.एस. डामोर, डा. अभय ओहरी, डा. भरत निनामा, रूपचंद रावत, डा. राधा डामोर, गोपाल चंद निनामा आदि प्रमुख रूप से शामिल है।
छात्रों ने बंद कराया कॉलेज
आदिवासी छात्र संगठन के सदस्यों के साथ मारपीट के विरोध में शुक्रवार को आदिवासी छात्रों ने सांइस एंड आर्टस कॉलेज बंद करा दिया। हंगामे की आशंका को देखते हुए कॉलेज कैंपस में बड़ी संख्या में फोर्स तैनात किया गया था। हमले के मामले में फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने इस मामले में जगदीश, राजाराम चौधरी, नीतेश बौरासी, केशव व राहुल नामक युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
