खबर पक्की, 6 अगस्त, रतलाम। प्रदेश के नगरीय प्रशासन और आवास मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी.एस.भदोरिया ने कहा कि शहर विधायक चेतन कश्यप ने पूरे शहर का दौरा कर सड़कों की खराबी का आकलन किया है और इस आकलन के आधार पर नगर निगम द्वारा सड़कों के टेंडर जारी कर दिए गए हैं दिपावली के पहले रतलाम शहर के नागरिकों को सड़को के गड्डो से मुक्ती मिल जाएगी। 20 करोड़ की लागत से शहर की सड़को का कायाकल्प किया जाएगा। यही नहीं गुणवत्ता का पुरा ख्याल रखते हुए थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराया जाएगा। जिले में आज प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना अंतर्गत नि:शुल्क राशन वितरण के लिए अन्न उत्सव कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिले में वनाधिकार के तहत हितग्राहियों को मिले पट्टो पर शासन की योजना के अतंर्गत विकास कार्य कराकर भूमि सुधार किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में अन्न उत्सव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रभारी मंत्री श्री भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुसार कोरोनाकाल में हर नागरिक की खाद्यान्न सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रता के अतिरिक्त 5 किलोग्राम प्रतिहितग्राही माह मई से नवम्बर 202 तक नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण योजना के प्रति और जागरुक बनाने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना अंतर्गत नि:शुल्क खाद्यान्न वितिरण का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के निर्देशानुसार जिले में 7 अगस्त को जिला स्तर पर बरबड़ स्थित विधायक सभागृह पर और ग्राम स्तर का ग्राम रोजाना तहसील जावरा में मुख्य कार्यक्रम होगा। आयोजन में राशन बैग में खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। जिले के 2, 28, 338 परिवार इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे है। जिले में संचालित 521 उचित मूल्यों की दुकानों पर उक्त कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में 7 अगस्त को 40 हजार राशन बैग का वितरण किया जाएगा। शेष हितग्राहियों को राशन बैग प्राप्त होते ही पूरे माह अगस्त में वितरण किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में शहर में सड़को की खस्ताहाल पर पत्रकारों के सवालों के जवाब में प्रभारी मंत्री श्री भदौरिया ने कहा कि उनकी इस सबंध में अधिकारियों से चर्चा हुई है। शहर में चल रहे सिवरेज और अन्य कार्यो की वजह से नई सड़के नहीं बना पाई थी। अब दिपावली के पूर्व सड़को की मरम्मत और जहां नई सड़को की जरुरत है वहां नई सड़के बनाई जाएगी। 20 करोड़ की लागत से शहर में सड़को के निर्माण का कार्य होगा। इस दौरान कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने प्रभारी मंत्री को जानकारी दी कि सोमवार तक इसके टेंडर हो जाएंगे और बारिश में सड़क निर्माण का कार्य नहीं हो सकता है इसलिए हमारा प्रयास है कि अक्टूबर में कार्य शुरु कर दिवापली पूर्व नई सड़को का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाए। पत्रकारवार्ता के दौरान शहर विधायक चेतन्य काश्यप, ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, एसपी गौरव तिवारी भी मौजुद थे।
प्रभारी मंत्री ने पत्रकार वार्ता में कहा, 20 करोड़ की लागत से शहर की सड़को का होगा कायाकल्प
