• Mon. Sep 14th, 2026

हर जिले में लिकर सेल बनाकर शराब माफियाओं की पूरी कुंडली बनाने की तैयारी

BySurendra Jain

Jul 30, 2021

खबर पक्की, 30 जुलाई, रतलाम। अवैध शराब तस्करों का पूरा नेटवर्क तोडऩे के लिए अब उज्जैन और इंदौर संभाग पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर काम करना शुरू कर दिया है। हर जिले में लिकर सेल बनाकर शराब माफियाओं की पूरी कुंडली बनाने की तैयारी की जा रही है। बैठक में शराब माफियाओं पर कार्रवाई के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, वहीं बैठक में मौजूद एसपी ने भी अपने-अपने सुझाव दिए ।
प्रदेश के उज्जैन और इंदौर संभाग में अब पुलिस शराब तस्करों का नेटवर्क तोडऩे के लिए कमर कस चुकी है। दोनों संभागो में जहरीली शराब के मामले सामने आने के बाद डीजीपी के निर्देश पर उज्जैन व इंदौर आइजी ने कल समन्वयक बैठक आयोजित की। बैठक में एडीजी उज्जैन योगेश देशमुख, इंदौर आइजी हरिनारायण चारी मिश्र सहित उज्जैन, शाजापुर, रतलाम, खंडवा, खरगोन व इंदौर के एसपी मौजूद थे। उज्जैन एडीजी के कार्यालय पर हुई बैठक में तय किया गया है कि दोनों संभाग के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर शराब तस्करों पर कार्रवाई करेगें। देनो संभागों के सभी जिलों में लिकर सेल बनाई जाए, इसमें तस्करों की पूरी जानकारी होगी।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार बैठक में निर्णय लिया गया कि इंदौर व उज्जैन संभाग के सभी जिलों में लिकर सेल बनाई जाएगी। सेल में जिलों के सभी शराब तस्करों की पूरी जानकारी रहेगी। इसमें आदतन तस्करों के नाम-पते, कितने सालों से वह तस्करी से जुड़े हैं। किस प्रकार की शराब बनाते है या लाकर बेचते हैं। इन खिलाफ कितने अपराध दर्ज हैं। बदमाशों के कौन-कौन रिश्तेदार है, कौन उनकी गाडिय़ां चलाता है, आदि सभी जानकारियां होंगी। लिकर सेल शराब तस्करो के साथ ही कहां शराब बनती है, कौन सा केमिकल उपयोग किया जाता है, गाड़ी चलाने वाले, माल सप्लाई करने वाले व अन्य सब पर भी नजर रखेगा।
इंदौर-उज्जैन आइजी कार्यालयों में लिकर सेल को कोर्डिनेट करने के लिए अलग सेल भी बनाया जाएगा। यहां संभाग के सभी जिलों के शराब तस्करों की जानकारी रहेगी।
बैठक में यह बात भी सामने आई कि उज्जैन व मंदसौर जिले में अवैध शराब बनाने व तस्करी करने वाले अधिकांश तस्करों की लिंक इंदौर, धार, खंडवा, खरगोन से मिलते हैं। इसको लेकर सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करने के साथ ही कार्रवाई करने को भी सुनिश्चित किया गया है। इससे की बदमाशों पर तत्काल कार्रवाई हो सकेगी।

error: Content is protected !!