• Sun. Nov 1st, 2026

ट्रांसपोर्ट नगर योजना को लेकर अगले सप्ताह व्यापारियों की बैठक होगी: काश्यप

BySurendra Jain

Jul 21, 2021

खबर पक्की, 21 जुलाई, रतलाम। शहर में ट्रांसपोर्ट नगर की योजना को राज्य शासन से सैद्धांतिक रूप से मंजूरी मिलने पर विधायक चेतन्य काश्यप ने कलेक्टर एवं रतलाम विकास प्राधिकरण के पदेन अध्यक्ष कुमार पुरूषोत्तम के साथ अधिकारियों की बैठक की। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में आवश्यकताओं का आंकलन करने के लिए अगले सप्ताह व्यवसायियों की बैठक होगी। ट्रांसपोर्ट नगर में मेकेनिकों के लिए भी स्थान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में विधायक श्री काश्यप ने ट्रांसपोर्ट नगर के ले आऊट पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि योजना के प्राथमिक मानचित्र में आवश्यकता अनुसार परिवर्तन किए जाएंगे। इसके लिए अगले सप्ताह ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों की बैठक कर ट्रांसपोर्ट नगर में प्रस्तावित भूखण्डों के आकार-प्रकार एवं सुविधाओं संबंधी सुझाव लिए जाएंगे।
बैठक में रतलाम विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जमुना भिड़े को भोपाल में कंसलटेंट से सम्पर्क कर ट्रांसपोर्ट नगर के ले आऊट में प्रस्तावित परिवर्तन अनुसार प्रजेंटेशन तैयार कराने के निर्देश दिए गए। श्री काश्यप ने ट्रांसपोर्ट नगर में समुचित पार्किंग के साथ ट्रक मेकेनिकों के लिए स्थान, खान-पान, दुकान, बाहर से आने वाले लोगों के लिए खाने व ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

You missed

error: Content is protected !!