खबर पक्की, 26 जून, भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस नियंत्रण में है। प्रदेश में 35 जिले ऐसे हैं जहां एक भी पाजिटिव केस नहीं आया है तथा एक्टिव केस घट कर एक हजार के नीचे पहुंच गए हैं। ऐसी स्थिति में रविवार का कोरोना कर्फ्यू तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाता है। रात्रि कालीन कोरोना कर्फ्यू पूर्व की तरह जारी रहेगा। सीएम ने कहा कि रविवार को दुकानें कोविड प्रोटोकाल और कोविड अनुकूल व्यवहार के साथ खोली जा सकेंगी। तीसरी लहर के लिए अस्पतालों में व्यवस्था बनाने का कार्य निरंतर जारी है। वैक्सीनेशन में आज मध्यप्रदेश ने फिर रिकार्ड बनाया है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। आप सभी से अपील है, कोरोना नियंत्रण में है लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, इसलिए निश्चिन्त न रहें, मास्क लगाएं और कोविड अनुरुप व्यवहार का पालन जरूर करें।
