मुंबई(एजेंसी)। मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे बड़ा हादसा हुआ है। एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, स्टेशन के फुटऑवर ओवरब्रिज पर भगदड़ मचने के कारण 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की संख्या में और भी इजाफा हो सकता है। हादसे में कम से कम 20 लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को नजदीक मौजूद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुंबई पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि अभी सिर्फ 20 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर हैं।
सुबह तेज बारिश के बाद बड़ी संख्या में लोग फुटओवर ब्रिज पर जमा हो गए थे। बारिश के कारण एक व्यक्ति का पैर फिसला और इसी बीच ब्रिज गिरने की अफवाह फैल गई। अफवाह के कारण भगदड़ मच गई। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हादसा अचानक हुआ इसलिए कोई कुछ समझ नहीं पा रहा था। सिर्फ 10-15 मिनट में ही इतना बड़ा हादसा हो गया था। भगदड़ मचने के बाद काफी औरतें बेहोश हो गई थी। यहां स्टेशन पर तीन फुटऑवर ब्रिज हैं, जिनमें से ये काफी पुराना ब्रिज है जिसपर हादसा हुआ। हादसे में देर शाम तक 22 मौत और 39 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई।
