नईदिल्ली। निर्वाचन आयोग ने गुरूवार शाम हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी है। हिमाचल की सभी सीटों पर एक साथ मतदान होगा। उम्मीद थी कि निर्वाचन आयोग हिमाचल के साथ ही गुजरात के लिए भी चुनावों की तारीख घोषित कर देगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को वोटिंग होगी, मतो की गणना 18 दिसंबर को की जाएगी। 16 से 23 अक्टूबर के बीच हिमाचल में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति ने प्रेस कांफ्रेस में बताया कि हिमाचल प्रदेश के सभी 7 हजार 321 बूथ पर vvpat का इस्तेमाल किया जाएगा। हिमाचल में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 36 कांग्रेस के पास, 27 बीजेपी के पास और 5 निर्दलीय के पास हैं। हिमाचल चुनाव में उम्मीदवार की खर्च सीमा 28 लाख रूपए रहेगी।
