• Wed. Oct 28th, 2026

काश्यप फाउंडेशन ने मानवता की सेवा का अप्रतिम उदाहरण प्रस्तुत किया, मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मेडिकल कॉलेज में चैतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का वर्चुअल उद्घाटन किया

BySurendra Jain

May 31, 2021

खबर पक्की, 31 मई, रतलाम। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भोपाल से वर्चुअली रतलाम मेडिकल कॉलेज में विधायक चैतन्य काश्यप के काश्यप फाउंडेशन द्वारा 1 करोड़ 2 लाख रुपये लागत से स्थापित पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता 2 टन की है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने काश्यप फाउंडेशन को धन्यवाद देते हुए कहा कि फाउंडेशन ने मानवता की सेवा का अप्रतिम उदाहरण प्रस्तुत किया है। दूसरों की भलाई का कार्य सबसे बड़ा पुण्य है। सोमवार को प्रात: मेडिकल कॉलेज परिसर में इस अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री तथा जिले के कोविड प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चैतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना, राजेंद्रसिंह लुनेरा, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, शैलेंद्र डागा, बजरंग पुरोहित, मनोहर पोरवाल, प्रदीप उपाध्याय, अशोक पोरवाल, डॉ. विजय चारेल, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि ऑक्सीजन प्लांट मेडिकल कॉलेज के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा और अल्प समय में ही प्लांट तैयार हो गया है इससे मेडिकल कॉलेज के लिए स्थाई व्यवस्था का निर्माण हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रतलाम मेडिकल कॉलेज कोरोना काल में अत्यंत उपयोगी साबित हुआ है, यहां सैकड़ों मनुष्यों का जीवन बचाया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रतलाम मेडिकल कॉलेज को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे कॉलेज में अतिरिक्त ऑक्सीजन बेड क्षमता निर्मित हुई। उन्होंने अन्य स्थानों पर भी उपलब्ध कराई गई कंसंट्रेटर मशीनों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में रतलाम के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रशासनिक टीम द्वारा अथक परिश्रम किया गया है। सबकी मेहनत से रतलाम में अब कोरोना संक्रमण का प्रसार नियंत्रित कर लिया गया है, यह बड़े संतोष की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े राज्यों की तुलना में मध्यप्रदेश में कोरोना नियंत्रण की स्थिति बेहतर है।
इस अवसर पर कोविड-प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा मेडिकल कॉलेज परिसर में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना करके मानव सेवा के लिए बड़ा उदाहरण प्रस्तुत किया गया है, इससे मेडिकल कॉलेज आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हुआ है। जिले में कोरोना संक्रमण नियंत्रण एवं उपचार कार्य में मेडिकल कॉलेज टीम द्वारा बड़ा योगदान दिया गया है। श्री देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में कोरोना नियंत्रण के लिए सक्षमता के साथ कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश के साथ ही रतलाम जिले में भी कोरोना संक्रमण पर कंट्रोल कर लिया गया है।
सांसद गुमानसिंह डामोर ने कहा कि रतलाम शहर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना में विधायक चैतन्य काश्यप का महत्वपूर्ण योगदान है। काश्यप फाउंडेशन जनहित में कई महत्वपूर्ण कार्य लगातार करता आ रहा है। श्री डामोर ने कहा कि रतलाम मेडिकल कॉलेज द्वारा मालवा क्षेत्र के श्रेष्ठ मेडिकल कॉलेज के रूप में अपनी उपयोगिता साबित की गई है।
विधायक चेतन्य काश्यप ने अपने उदबोधन में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना और क्षमता की जानकारी दी उन्होंने कहा कि रतलाम मेडिकल कॉलेज रतलाम जिले के अलावा आसपास के अन्य जिलों तथा राजस्थान के मरीजों के लिए भी अत्यंत उपयोगी साबित हुआ है। यहां सैकड़ों की संख्या में मरीज उपचार पश्चात स्वस्थ हुए हैं। श्री काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में सतत मेहनत से कोविड-संक्रमण पर नियंत्रण कर लिया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा माता-पिता विहीन बच्चों के लिए लागू की गई। मुख्यमंत्री कोविड-बाल कल्याण योजना के लिए श्री काश्यप ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए योजना को सराहनीय बताया।

You missed

error: Content is protected !!