खबर पक्की, 27 जनवरी, रतलाम। बिलपांक थाना क्षेत्र के ग्राम प्रीतमनगर में मंगलवार व बुधवार की दरमियानी रात बदमाश चोरी करने के लिए अनाज व्यापारी के घर में घुस गए। परिवार के जागने और शोर मचाने पर बदमाशों ने हमला कर दिया। इससे अनाज व्यापारी और उनका पुत्र घायल हो गया दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकरी के अनुसार करीब आधा दर्जन बदमाश रात में अनाज व्यापारी 40 वर्षीय मंगलेश जैन निवासी प्रीतमनगर के घर के पास पहुंचे। बदमाश पास में स्थित पंचायत भवन परिसर से सीढ़ी लेकर आए। सीढ़ी के सहारे गोदाम की छत पर चढ़कर मकान की तीसरी मंजिल पर पहुंचे। बदमाशों की आहट सुनकर परिजनों की नींद खुली। तब तक बदमाश दरवाजे की चटकनी तोड़कर उस कमरे में घुसे जहां व्यापारी की 75 वर्षीय मां और 16 वर्षीय पुत्र सो रहा थे।
बदमाशों ने पहुंचते ही मंगलेश की मां के गले से सोने की चेन झपटने के लिए गला पकड़ लिया। तभी आवाज सुनकर वहां सो रहा व्यापारी का पुत्र आयुष जाग गया। शोर मचाने पर बदमाशों ने उस पर लाठी से हमला कर दिया। शोर सुनकर व्यापारी मंगलेश उठे और दरवाजा खोलकर जैसे ही अंदर घुसे तो बदमाशों ने उनपर भी हमला कर दिया। अन्य परिजन के भी जागने पर बदमाशों ने पकडऩे के डर से बालकनी से होकर भागने की कोशिश की तभी मंगलेश ने एक बदमाश को पकड़ लिया। साथी को छुड़ाने के लिए अन्य बदमाशों ने मंगलेश पर लाठी से हमला कर मारपीट शुरू कर दी। मंगलेश ने फिर भी पकड़े बदमाश को नहीं छोड़ा। तभी एक बदमाश ने मंगलेश के सिर पर लाठी मारी, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद बदमाश जिस रास्ते से आए थे,उसी रास्ते से होकर भाग निकले।बताते है कि बदमाश रजाई और रस्से भी साथ लेकर आए थे जो बदमाश भागते समय वहीं छोड़कर भाग निकले।
सूचना मिलने पर रात ढाई से तीन बजे के बीच पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकल थे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग की, लेकिन बदमाश नहीं मिले। इधर घायल मंगलेश व उनके पुत्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन दोनों को काटजू नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। एसआइ लोकेन्द्रसिंह डावर अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली।
अनाज व्यापारी के घर में घुसे चोर, शोर मचाने पर किया हमला
