• Wed. Nov 25th, 2026

विक्रांत भूरिया चुने गए मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के नए अध्यक्ष

BySurendra Jain

Dec 18, 2020

खबर पक्की, 18 दिसंबर, भोपाल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित हो गए। विक्रांत भूरिया को प्रदेश युवा कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। उन्हें कुल 40,850 मत मिले हैं, वही दूसरे नंबर 20,430 मतों के साथ संजय सिंह यादव रहे हैं। अजीत बोरासी को 13,204 वोट मिले हैं। गौरतलब है कि मप्र युवा कांग्रेस में संगठन चुनाव के लिए 10, 11 और 12 दिसंबर को ऑनलाइन वोटिंग हुई थी। इसमें 1,11000 से अधिक सदस्यों ने मतदान किया था।
संगठन द्वारा घोषित चुनाव परिणाम के मुताबिक अध्यक्ष पद के लिए कुल नौ उम्मीदवार मैदान में थे। मुख्य मुकाबला विक्रांत भूरिया और संजय सिंह यादव के बीच ही माना जा रहा था, जिसमें विक्रांत भूरिया भारी पड़े। विक्रांत भूरिया को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का भी समर्थन हासिल था। विक्रांत पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्‍यक्ष कांतिलाल भूरिया के पुत्र हैं। वहीं, संजय सिंह यादव पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव के भतीजे हैं। उन्हें पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और अब तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे विधायक कुणाल चौधरी का समर्थन हासिल था। तीसरे स्थान पर रहे अजीत बोरासी हाल ही में सांवेर विधानसभा से कांग्रेस की टिकट पर उपचुनाव लड़े प्रेमचंद गुड्डू के पुत्र हैं। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में थे। हालांकि, उन्होंने अपना समर्थन प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी को दे दिया था, जिन्हें 9827 मत मिले हैं। वहीं, विपिन वानखेड़े को 1,988 वोट प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार अब संगठन में चार उपाध्यक्ष अजीत बोरासी, संजय सिंह यादव, महिला कोटे से प्रतिमा मुद्गल और विपिन वानखेड़े होंगे। वहीं, अंकित ढोली जावेद मोहम्मद, क्षमोना कौरव, सिद्धार्थ कुशवाहा, वंदना बेन और विवेक त्रिपाठी सचिव होंगे

You missed

error: Content is protected !!