खबर पक्की, 1 दिसंबर, इंदौर। नगर निगम सोमवार के ब्रेक के बाद मंगलवार को फिर गुंडों के अवैध निर्माण और अतिक्रमण तोड़ने की कार्रवाई करेगा। मंगलवार सुबह से न्यू द्वारकापुरी कॉलोनी में बबलू पंक्चर के अवैध निर्माण अौर भवन को निगम ने तोड़ दिया। कार्रवाई अपर आयुक्त देवेंद्रसिंह के नेतृत्व में की गई। बता दें कि मंगलवार को द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के दो लिस्टेड गुंडों के अवैध मकान तोड़ने की कार्रवाई करने टीम निकली है।
पर्याप्त पुलिस बल भी रहेगा साथ
जिन गुंडों के मकान तोड़े जाना हैं, उनमें रघुवीर उर्फ भोंडी पिता प्यारसिंह का 653 आकाश नगर स्थित और बबलू ऊर्फ राकेश पिता शंकरलाल का 1588 न्यू द्वारकापुरी स्थित मकान शामिल है। निगम का रिमूवल दस्ता 150, निगमकर्मियों की फौज और पोकलेन व बुलडोजर मशीनों के साथ 9 बजे पहुंच गया था। इस दौरान पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहा। बबलू के तोड़े गए मकान में मंदिर भी बना हुआ था। जिसे विधि विधान से हटाया गया। मूर्तियों को सम्मानपूर्वक निगम की टीम ने हटाया है। सोमवार को गुरुनानक जयंती के कारण कार्रवाई नहीं की गई थी और रिमूवल अमले को आराम दिया गया था।
चार गुंडों के अवैध निर्माण की जानकारी, बुधवार को भी होगी कार्रवाई
कार्रवाई के लिए नगर निगम के अपर आयुक्त देवेंद्रसिंह और सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे जल्द ही द्वारकापुरी क्षेत्र पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों गुंडों दो-दो मंजिल के अवैध मकान हैं। सूत्रों ने बताया कि द्वारकापुरी थाना पुलिस से नगर निगम को कुल चार गुंडों के अवैध निर्माणों की जानकारी मिली है, जिनमें से दो मकान मंगलवार को तोड़े जाएंगे और दो पर संभवतः बुधवार को कार्रवाई होगी। निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने बताया कि अभी 8-10 और गुंडों के अवैध निर्माण तोड़े जाएंगे। पुलिस विभाग से यदि और गुंडों की सूची मिलती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में बबलू पंक्चर का मकान तोड़ा
