• Thu. Jul 30th, 2026

तीन लोग जिंदा जले: देवास में रात 1.30 बजे भिड़ंत के बाद टेम्पो ट्रेवलर और डंपर में लगी आग, डंपर चालक फरार

BySurendra Jain

Nov 28, 2020

खबर पक्की, 28 नवंबर, देवास। जिले के भौंरासा क्षेत्र के सिकखेड़ी के पास में बीती रात 1.30 बजे टेम्पो ट्रेवलर और डंपर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इससे दोनों वाहनों में आग लग गई। तीन लोगों जिंदा जल गए। मरने वाले तीनों लोग उज्जैन जिले के है। डंपर क्रमांक एमपी 09 एचएच 7698 गलत दिशा से जा रहा था, उसी दौरान भोपाल से इंदौर की और जा रही टेम्पो ट्रेवलर क्रमांक एमपी 13 टीए 4070 की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। दोनों वाहनों में टक्कर के बाद आग लग गई जिसमें ट्रेवलर में सवार तीन लोग श्याम माली (40), शिवनारायण नामदेव (50), देवेन्द्र सिंह ठाकुर (38) की मौत हो गई। तीनों उज्जैन जिले के जीवाजीगंज थाना अंतर्गत पीपलीनाका क्षेत्र के बताए गए है।
शादी का सामान भोपाल छोडऩे गए थे, लौटते वक्त हुआ हादसा
मरने वाले तीनों लोग पेशे से वाहन चालक हैं। तीनों एक शादी समारोह का सामान छोडऩे के लिए भोपाल गए थे। उज्जैन से शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे निकले थे और लौटते वक्त यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी भयानक थी की ट्रेवलर में सवार तीनों लोग वाहन में फंस गए थे। उन्हें बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला था। इस बीच वाहन में आग लगने से तीनों की मौत हो गई। भौंरासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग को बुझाया गया। ट्रेवलर में से तीनों के शव निकाले जिन्हें जिला चिकित्सालय भेजा गया। इस घटना में डंपर चालक मौके से फरार हो गया। मामले को लेकर पुलिस डंपर चालक को तलाश कर रही है।

error: Content is protected !!