• Mon. Sep 21st, 2026

पन्द्रहवें वित्त आयोग के संबंध में जिला स्तरीय बैठक संपन्न, ग्राम स्वराज पोर्टल के माध्यम से ग्रामवासियों को जानकारी मिल सकेंगी

BySurendra Jain

Nov 9, 2020

खबर पक्की, 9 नवंबर, रतलाम। जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत प्रधान परमेश मईडा, सीईओ जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा, जनपद अध्यक्षों तथा जिला पंचायत सदस्यों की उपस्थिति में जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों की ग्राम संबंधी जानकारी के लिए ई ग्राम स्वराज पोर्टल एवं एप की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण अपने क्षेत्र एवं उससे संबंधी विकास कार्यक्रमों की जानकारी सुलभता से प्राप्त कर सकते है।
सीईओ केरकेटटा ने 15 वें वित्त आयोग के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के लिए 2020-21 से 2025 का समय निर्धारित किया गया है। इसके लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था के रूप में वर्ष 2020-21 के लिए प्रथम किश्त के रूप में 85 प्रतिशत राशि ग्राम पंचायत स्तर, 10 प्रतिशत राशि जनपद स्तर पर, 5 प्रतिशत राशि जिला स्तर पर आवंटित की गई है। इसके अंतर्गत ग्राम स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार सर्वे आधार पर राशि व्यय की जा सकती है। तीनों स्तरों ग्राम, जनपद तथा जिला स्तर पर बैठके आयोजित कर कार्य किया जा रहा है। आबद्व राशि तथा अनाबद्व राशि के रूप में प्राप्त राशि का निर्देशानुसार उपयोग किया जाना है। मुख्य रूप से पेयजल, स्वच्छता एवं जल की रिसाईकलिंग, कार्य आबद्व राशि के मुख्य शीर्ष हैं जबकि अनाबद्व राशि के शीर्ष अन्य नवीन अधोसंरचनात्मक कार्य सम्मिलित किए गए है। 15 वें वित्त आयोग की अनुशंसा अनुसार किसी भी प्रकार का स्थापना व्यय, वेतन मानदेय, टेंट किराया, सांस्कृतिक कार्यक्रम लोकार्पण समारोह, एयर कंडीशनर, वाहन क्रय, विद्युत बिल, स्वल्पाहार पर व्यय, विज्ञापन बेनर पर व्यय इस मद से नहीं किया जा सकेगा ।
जिला स्तरीय कार्ययोजना बनाने के संबंध में प्रस्ताव हेतु सदस्यों को जानकारी प्रदान की गई तथा सुझाव दिया गया कि जो कार्य अन्य मदों से ना कराए जा सके, ऐसे कार्यों को स्थानीय आवश्यकतानुसार प्रस्तावित किया जाए। बैठक में सदस्यों द्वारा गौशाला निर्माण के विषय में विस्तार से जानकारी चाही गई। सीईओ जिला पंचायत ने आगामी बैठक में सदस्यवार भेजे गए प्रस्तावों की पूरी जानकारी स्वीकृति अस्वीकृति के विषय में विभागीय अधिकारियों से समन्वय कर प्रस्तुत करने के निर्देश प्रदान किए। सदस्यों की सहमति के आधार पर आगामी बैठक 23 नवंबर को दोपहर 3.00 बजे रखे जाने का निर्णय लिया गया। आगामी बैठक में जिला स्तरीय प्रस्ताव के अनुमोदन संबंधी कार्यवाही किए जाने का निर्णय लिया गया । बैठक में विभिन्न विभागीय जिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!