खबर पक्की, 28 अक्टूबर, उज्जैन। मक्सी रोड पर बुधवार दोपहर 2 बजे एक डंपर ने बाइक सवार दंपती और उनके बच्चों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक पर बैठे तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बच्चों की मां की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता भी गंभीर हैं।
दुर्घटना पंवासा थाना क्षेत्र की है। अवतार पिता तूफानसिंह निवासी वर्माजी का कुआं क्षेत्र अपनी पत्नी पूनमबाई के साथ शहर के गोपालपुरा इलाके की ओर आ रहा था। उसके साथ मेघा उम्र 7, शानवी उम्र 4 और एक दो महीने का बालक भी था।
दोपहर 2 बजे पांड्याखेड़ी चौराहे पर पीछे से आ रहे एक डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे मेघा, शानवी और दो माह के बालक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया। चालक फरार बताया जा रहा है। हादसे में गंभीर रूप से घायल अवतार और उसकी पत्नी पूनमबाई को अस्पताल में भर्ती किया गया है। थोड़ी देर बाद पूनमबाई ने भी दम तोड़ दिया। अवतारसिंह की हालत गंभीर है।
10 दिन पहले भी हुई थी दुर्घटना
मक्सी रोड पर इसी क्षेत्र में 10 दिन पहले भी दुर्घटना हुई थी। एक दूध टैंकर को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हालांकि इसमें किसी की जान नहीं गई थी, टैंकर का चालक घायल हुआ था। बुधवार को हुई दुर्घटना के बाद आसपास के रहवासियों ने आक्रोश व्यक्त किया और कहा कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं।
डंपर की टक्कर से बाइक पर बैठी महिला और तीन बच्चों की मौत
