• Sat. Aug 1st, 2026

सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चैतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना द्वारा अटल उद्यान का लोकार्पण किया गया

BySurendra Jain

Oct 8, 2020

खबर पक्की, 8 अक्टूबर, रतलाम। जिले के समीप करमदी रोड पर सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक रतलाम शहर चैतन्य काश्यप, रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, राजेंद्रसिंह लुनेरा द्वारा गुरुवार को अटल उद्यान का लोकार्पण किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड के रिमेडियेशन उपरांत बनाए गए अटल उद्यान की लागत 1 करोड़ 93 लाख रुपए है। इससे लगभग 2.5 हेक्टेयर में निर्मित किया गया है। इस अवसर पर पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, प्रदीप उपाध्याय, शांतिलाल पाटीदार, बजरंग पुरोहित, पूर्व निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, कलेक्टर गोपालचंद्र डाड, निगमायुक्त सोमनाथ झरिया, नीलेश गांधी, नितिन लोढा, प्रेम उपाध्याय, अशोक जैन लाला, राकेश परमार, मयूर पुरोहित, नंदकिशोर पंवार आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए सांसद श्री डामोर ने कहा कि अब विकास कार्यो को तेजी के साथ किया जा रहा है। पूर्व के इस दुर्गंधयुक्त स्थान को अब सुंदर उद्यान में बदल दिया गया है जो सराहनीय है। शासन हर नागरिक के विकास के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है। श्री डामोर ने विधायक श्री काश्यप की विकास की अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि विधायक के पास विकास के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण है। रतलाम शहर में बच्चों को कुपोषण मुक्त करने के लिए किए जा रहे सराहनीय कार्य अभियान को पूरे प्रदेश में अपनाया गया है। इसके साथ ही रतलाम मेडिकल कॉलेज जो कि मालवा क्षेत्र की अद्भूत उपलब्धि है, उक्त कालेज की रतलाम में स्थापना में श्री काश्यप का योगदान उल्लेखनीय है।
विधायक चेतन्य काश्यप ने अपने उदबोधन में कहा कि विकास के क्षेत्र में राज्य शासन द्वारा किए जा रहे कार्यों से बड़े बदलाव दिख रहे हैं। रतलाम शहर के विकास के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण अपनाया जाकर नए रतलाम की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है। करमदी रोड के विकास के लिए सेंट्रल रिजर्व फंड के तहत योजना बनाई जाएगी। श्री काश्यप ने अटल उद्यान के संबंध में बताया कि उद्यान में जिम स्थापित किया जाएगा। आगामी दिनों यहां पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। अटल उद्यान रतलाम के लिए एक बड़ी सौगात है, इसके सुव्यवस्थित मैनेजमेंट के लिए योग्य व्यक्ति शामिल किए जाएंगे।
विधायक दिलीप मकवाना ने अपने उदबोधन में कहा कि पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड को अब सुंदर स्वरूप दिया गया है जो सराहनीय है। निगमायुक्त श्री झारिया ने अटल उद्यान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन मंगल लोढ़ा ने किया। आभार निगम के कार्यपालन यंत्री सुरेश व्यास ने माना।

You missed

error: Content is protected !!