खबर पक्की, 7 अक्टूबर, रतलाम। काटजू नगर स्थित फिटोहलिक फिटनेस से बाइक पर लौट रहे एएसआई कन्हैयालाल निनामा के 21 वर्षीय पुत्र विजयराज निनामा के साथ रास्ते में पावर हाउस रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कुछ युवकों ने मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। उसेे जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है। स्टेशन रोड पुलिस हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार पुलिस लाइन में पदस्थ एएसआइ कन्हैयालाल निनामा का पुत्र विजयराज निनामा बुधवार सुबह जिम गया था। वहां किसी बात को लेकर उसकी एक किशोर से कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढऩे पर जिम के सेल्स पर्सन गौरव राणा व अन्य ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद विजय बाइक पर घर लौट रहा था।
किशोर ने अपने मित्र को फोन लगाकर बुलाया और विजयराज का पीछा किया। कुछ देर बाद किशोर के कुछ साथी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे और विजयराज को रोककर कर उससे विवाद कर मारपीट करने लगे। इसी बीच किसी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसके सिरव शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई है।
सूचना मिलने पर एसआइ मनोजसिंह जादौन अस्पताल पहुंचे और उससे घटना की जानकारी ली। उसने बताया कि उसके साथ दस से बारह लोगों ने मारपीट कर चाकू से हमला किया है। किशोर को हिरासत में लेकर उसके साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
एएसआइ के पुत्र पर चाकू से हमला
