• Sat. Nov 7th, 2026

17 सितंबर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के रूप में मनाएंगे युवा

BySurendra Jain

Sep 11, 2020

खबर पक्की: 11 सितंबर नई दिल्ली,कोरोना वायरस के दौर में सोशल मीडिया की क्रांति का एक नया दौर दिखा है। नाम है- ट्विटर ट्रेंड. लेकिन कमाल ये हुआ है कि2 इसका असर अबकी सड़क पर भी है. 11 सितंबर की सुबह से ही ट्विटर पर मोर्चा खुला है. दरअसल एक हैशटैग ट्रेंड हो रहा है। #राष्ट्रीय_बेरोजगार_दिवस. थोड़ा डिटेल में जाने पर पता चला कि यह यह देश के अलग-अलग राज्यों के अभ्यर्थियों और स्टूडेंट्स का सामूहिक विरोध-प्रदर्शन है. ये स्टूडेंट्स देश में 17 सितंबर को राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस मनाएंगे. 17 सितंबर को इसलिए क्योंकि उस दिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है।
लेकिन ये सब लोग चाहते क्या हैं?
ये स्टूडेंट्स रोजगार, परीक्षा और रुकी हुई भर्तियों को जल्द पूरी कराने की मांग कर रहे हैं। हमने इस हैशटैग के साथ किए जा रहे ट्वीट्स को पढ़ा तो मोटा-माटी यही मांगें हमें दिखीं।
और ये सब शुरू कब हुआ?
30 अगस्त को पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ की। उनका ये कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी के यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड हुआ। इस वीडियो को 1 सितंबर, 2020 की शाम चार बजे तक मिले साढ़े पांच लाख डिसलाइक। लाइक्स थे 81 हज़ार। बड़ी संख्या में किए गए ये डिस्लाइक चर्चा में आए। इनकी सत्यता पर भी बात उठी। लेकिन कमेंट बॉक्स की हालत भी कमोबेश ऐसी ही थी।लोग नाराज़गी जता रहे थे महीनों, सालों से अटकी पड़ी सरकारी भर्तियों को लेकर।
एक नज़र टाइम लाइन पर डाल लेते हैंः
1 सितंबर
1 सितंबर, 2020. SSC, रेलवे और दूसरी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों ने ट्विटर पर धावा बोला हुआ था। #SpeakUpForSSCRailwayStudents पर इतना ट्वीट हुआ कि ये दुनिया के टॉप ट्रेंड में तीसरे स्थान पर आ गया. लेकिन सरकार की ओर से इस पर कोई कमेंट नहीं आया। SSC ने जरूर एक काम किया। जिन परीक्षाओं का रिजल्ट महीनों से अटका पड़ा है, उनको जारी करने की संभावित तारीख जारी कर दी. SSC ने CGL 2018 का रिजल्ट 4 अक्टूबर, MTS 2019 का रिजल्ट 31 अक्टूबर और जूनियर इंजीनियर का रिजल्ट 21 सितंबर, 2020 को जारी करने की घोषणा की है। लेकिन ये तारीख भी संभावित ही है, इसलिए छात्रों का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ।
5 सितंबर
5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस इस दिन छात्रों ने देशव्यापी ट्रेंड चलाया. #5bje5minute. अपील की गई कि अपने-अपने घरों में 5 बजे 5 मिनट के लिए ताली-थाली बजाइए, ताकि सत्ता में बैठे लोगों तक आवाज पहुंचे. ताली-थाली इतनी जोर से बजी कि इस बार रेलवे ने दो साल से अटकी RRB NTPC और ग्रुप D के परीक्षा की तारीख जारी कर दी. इन दो परीक्षाओं में करीब दो करोड़, चालीस लाख छात्रों को हिस्सा लेना है. हालांकि यह भी अभी आश्वासन ही है।
9 सितंबर
9 सितंबर को ट्विटर पर ट्रेंड हुआ #9बजे9मिनट. इस हैशटैग के साथ अपील की गई कि अपने-अपने घरों में 9 बजे दीया जलाएं, मोमबत्ती जलाएं. इसका वीडियो बनाएं. ट्विटर और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करें. यह अपील भी एक अदद नौकरी के लिए की गई. स्टूडेंट्स और अभ्यर्थियों ने इस मुहिम में भरपूर हिस्सा लिया और फिर ट्विटर पर यह दिनभर ट्रेंड होता रहा।
1 सितंबर से अब तक स्टूडेंट्स जो मुहिम चला रहे हैं, उसका कुछ सकारात्मक असर हुआ है. मसलन, SSC और RRB ने कुछ परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित कर दीं। लेकिन यह महज़ आश्वासन न रह जाए, इसके लिए स्टूडेंट्स डटे हुए हैं। फिलहाल ट्विटर पर पीएम मोदी के जन्मदिन को बेरोजगार दिवस के रूप में मनाने को लेकर ट्रेंड चल रहा है. और छात्र इसे डिजिटली मनाने को लेकर एकजुट हो रहे हैं।

error: Content is protected !!