खबर पक्की, 7 अगस्त, केरल। केरल के कोझिकोड में बड़ा विमान हादसा हो गया है। यहां एअर इंडिया का विमान रनवे पर फिसल गया। हादसा इतना भीषण था कि आगे से प्लेन दो टुकड़ों में बंट गया है। इस हादसे में पायलट की मौत हो गई है। घटना शाम 7.45 बजे करीपुर हवाई अड्डे पर हुई। यह विमान दुबई से आ रहा था और इसमें 191 यात्री सवार थे। हादसे में विमान का अगला पहिया क्षतिग्रस्त हो गया है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, यह विमान (Air India flight, IX-1344) दुबई से कोझीकोड आ रहा था। बताया जा रहा है कि बारिश के चलते लैंडिंग के दौरान विमान रनवे पर नियंत्रण खो बैठा जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद राहत और बचाव के लिए टीमें पहुंच गई हैं। फायर ब्रिगेड और ऐम्बुलेंस की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान ने दुबई से शाम के चार बजकर 45 मिनट पर उड़ान भरी थी। शाम को सात बजकर 45 मिनट पर लैंडिंग के दौरान प्लेन रनवे से फिसल गया। अभी घायलों और मृतकों की संख्या के बारे में कोई पुष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। डीजीसीए ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
