• Sat. Aug 1st, 2026

समस्या बताने मंत्री चेतन्य कश्यप के घर पहुंचे पीएम आवास के रहवासी, सड़क पर बैठकर निगम के खिलाफ किया प्रदर्शन, बेदखली की कार्रवाई रोकने की मांग

BySurendra Jain

Aug 1, 2026

खबर पक्की, 1 अगस्त, रतलाम। बकाया राशि जमा नहीं करने पर बेदखली की कार्रवाई के नोटिस के विरोध में डोसी गांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की ईडब्ल्यूएस मल्टी के रहवासी शनिवार को कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप को अपनी समस्यां बताने उनके स्टेशन रोड स्थित निवास पर पहुंचे। रहवासी मंत्री के घर के बाहर सड़क पर बैठ गए और नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त कराया।
रहवासियों का कहना था कि नगर निगम द्वारा फ्लैट खाली कराने की चेतावनी दी जा रही है, जबकि उनकी समस्याओं का समाधान पहले किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने बकाया राशि जमा कराने के लिए जारी नोटिस वापस लेने और बेदखली की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग उठाई।
यह विरोध शुक्रवार को डोसी गांव स्थित पीएम आवास योजना परिसर में हुई घटना के बाद सामने आया। नगर निगम की टीम 208 हितग्राहियों को बकाया राशि जमा कराने के नोटिस चस्पा करने पहुंची थी। इस दौरान रहवासियों और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया, जो पथराव और मारपीट तक पहुंच गया। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
नगर निगम ने 208 हितग्राहियों को तीन दिन के भीतर बकाया राशि जमा करने का नोटिस जारी किया है। निगम का कहना है कि यदि 4 अगस्त तक राशि जमा नहीं की गई तो नियमानुसार फ्लैट खाली कराने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को इसी कार्रवाई के विरोध में रहवासी मंत्री चेतन्य कश्यप को अपनी समस्यां बताने उनके निवास पहुंच गए और नगर निगम के खिलाफ सड़क पर धरना देकर विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें समझाया कि सड़क पर प्रदर्शन करने से समाधान नहीं निकलेगा।
पुलिस ने रहवासियों को बताया कि डोसी गांव स्थित ईडब्ल्यूएस मल्टी परिसर में नगर निगम द्वारा विशेष शिविर लगाया गया है, जहां उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और आवश्यक जानकारी दी जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक मंत्री निवास से वापस लौट गए।
निगम आयुक्त शिविर लगाकर बैठे
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डोसी गांव में निर्मित ईडब्ल्यूएस फ्लैट के रहवासियों की आवंटन राशि जमा कराए जाने हेतु आज शिविर का आयोजन। निगम आयुक्त अनिल भाना निगम इंजीनियर और अधिकारियों के साथ स्वयं शिविर स्थल पर उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!