• Sat. Aug 1st, 2026

जावरा में लहसुन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार; 9 क्विंटल लहसुन बेचकर मिले 70 हजार बरामद..आरोपी पर कई थानों में दर्ज हैं अपराध

BySurendra Jain

Aug 1, 2026

खबर पक्की, 1 अगस्त, रतलाम। जावरा औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने सुनसान खेत-मकानों को निशाना बनाकर लहसुन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए 9 क्विंटल लहसुन को नीमच मंडी में बेचकर प्राप्त 70 हजार नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ऑटो जब्त किए हैं।
थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में बसंतीलाल पिता शंकरलाल हाड़ा (69) निवासी अरिहंत कॉलोनी, जावरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई की शाम से 28 जुलाई की सुबह के बीच ग्राम नागदी स्थित उनके खेत पर बने मकान से अज्ञात बदमाश 17 बोरियों में भरा करीब 9 क्विंटल लहसुन चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और साइबर तकनीक से मिले सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की तकनीकी सहायता, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। गांव-गांव में जानकारी जुटाने और लगातार पतारसी के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
ये आरोपी गिरफ्तार
आमीन खान पिता आलम खान (38), निवासी ग्राम भावगढ़, जिला मंदसौर।
सादिक पिता नाहर खां कुरैशी (30), निवासी मेवातीपुरा, जावरा।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किया गया लहसुन नीमच मंडी में बेच दिया था, जिसकी बिक्री से मिले 70 हजार नकद पुलिस ने बरामद कर लिए।
4 लाख का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए लहसुन की बिक्री से प्राप्त 70 हजार नकद,घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ऑटो जब्त किए हैं।
मुख्य आरोपी पर कई थानों में दर्ज हैं अपराध
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आमीन खान के विरुद्ध चोरी, चांदी चोरी, सोयाबीन चोरी, भैंस चोरी, डोडाचूरा तस्करी और आबकारी अधिनियम के तहत विभिन्न मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ अफजलपुर, भावगढ़, कालूखेड़ा, दलौदा, सीतामऊ, नई आबादी, वायडी नगर, रिंगनोद सहित अन्य थानों में आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का विस्तृत सत्यापन कर रही है।
अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद
पुलिस फरार तीन सहयोगी आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में सुनसान खेत-मकानों, कृषि उपज भंडारण स्थलों और अन्य स्थानों पर हुई चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को इस पूछताछ में अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के खुलासे की भी उम्मीद है।

error: Content is protected !!