रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर जून,2020 में प्रतिदिन औसतन 815 वेगन की लोडिंग की गई जो रतलाम मंडल के इतिहास में दूसरा अवसर है, जब किसी माह में प्रतिदिन लोडिंग 800 वेगन से अधिक रहा है जिससे जून 2020 में जून 2019 की तुलना में लगभग 56.58 प्रतिशत अधिक आय भी अर्जित की गई है।
इसकी जानकारी देते हुए मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि कोविड-19 लॉकडाउन एवं अनलॉक-1 के रतलाम मंडल द्वारा माल लदान एवं परिवहन के क्षेत्र में काफी सराहनीय कार्य किया गया है। लॉकडाउन के दौरान देश के विभिन्न भागों में खाद्यान की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रतलाम मंडल द्वारा सतत् खाद्यान की आपूर्ति की गई है।
अनलॉक-1 में इस कार्य में और भी तेजी आई गई और रतलाम मंडल द्वारा माल लदान के क्षेत्र में बनाए गए अपने पुराने इतिहास के निकट पहुँचकर जून 2020 में मंडल द्वारा प्रतिदिन 815 वेगन की लोडिंग का रिकार्ड बनाया गया। यह दूसरी बार है जब रतलाम मंडल द्वारा प्रतिदिन औसत वेगन लोडिंग 800 से अधिक हुआ है, इससे पूर्व मार्च 2019 में प्रतिदिन औसत वेगन लोडिंग 836 था। इस दौरान लोडिंग मुख्य रूप से गेहूँ, सिमेंट एवं क्लिंकर तथा पेट्रोलियम पदार्थों का किया गया।
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष रिकार्ड स्तर पर गेहूँ की खरीदी की गई है। गेहूँ को कोल्ड स्टोरेज एवं फुड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के गोदामों तक पहुँचाने के लिए जून 2020 में रेलवे द्वारा औसतन 85 वेगन प्रतिदिन अर्थात 5.5 हजार टन गेहूँ की लोडिंग प्रतिदिन की गई। गेहूँ की लोडिंग से रु 41लाख/दिन तथा जून 2020 में कुल रु12.27 करोड़ की आय हुई।
इसी प्रकार सीमेंट एवं क्लिंकर का औसतन 534 वेगन प्रतिदन अर्थात 37 हजार टन सीमेंट प्रतिदिन लोडिंग किया गया जिससे रु3.30 करोड़ प्रतिदिन व जून माह में क्लिंकर तथा सीमेंट लोडिंग से कुल रु 99.23 करोड़ की आय प्राप्त हुई। मंडल पर पेट्रोलियम पदार्थों की लोडिंग में भी बढ़ोतरी हुई है। जून 2020 में औसतन 47 वेगन प्रतिदन अर्थात 24 लाख लीटर प्रतिदिन लोडिंग हुई तथा इससे रु 31लाख प्रतिदन एवं जून माह में कुल रु9.34 करोड़ की आय हुई। इस प्रकार जून, 2020 में गेहूँ, सीमेंट/क्लिंकर तथा पेट्रोलियम प्रोडक्ट से ही लगभग रु110.84 करोड़ की आय हुई है।
रतलाम मंडल के लिए जून,2020 सकल आय की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण रहा है। इस वर्ष जून में कुल 137.04 करोड़ की आय हुई है जो जून 2019 के कुल आय रु87.52/- की तुलना में लगभग 56.58 प्रतिशत अधिक है। इसके अतिरिक्त जून 2020 की आय मुख्यालय द्वारा जून 2020 के लिए दिए गए 118.48 करोड़ के लक्ष्य से भी 15.66 प्रतिशत अधिक है। उपरोक्त उपलब्धियों से प्रतीत होता है कि लॉकडाउन के दौरान भी रतलाम मंडल माल लदान एवं माल परिवहन के क्षेत्र में एक नए मुकाम की ओर अग्रसर है।
रतलाम मंडल के इतिहास में दूसरी बार प्रतिदिन औसत लोडिंग 800 वेगन से अधिक
