• Fri. Oct 9th, 2026

प्रभुदयाल गेहलोत की प्रतिमा का अनावरण 29 जून को

BySurendra Jain

Jun 24, 2020

सैलाना। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह 29 जून को रतलाम आएंगे। रतलाम के सैलाना में पूर्व मंत्री, मालवा का गांधी नाम से प्रसिद्ध रहे गांधीवादी नेता स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कोरोना काल में शासन की गाईड लाइन के अनुसार समारोह और अनावरण कार्यक्रम होगा।
सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने बताया कि उनके पिता एवं ख्यात गांधीवादी नेता प्रभुदयाल गेहलोत की आमदकद प्रतिमा का अनावरण 29 जून को सुबह 11.30 बजे तहसील प्रांगण के सामने होगा। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद श्री सिंह के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं विधायक कांतिलाल भूरिया, प्रदेश के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, पूर्व प्रभारी मंत्री सचिन यादव सहित विधायक व दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। सभी नेताओं का लंच समारोह के पश्चात उनके निवास पर होगा। लंच के दौरान वे सभी दिग्गज नेताओं से राजनीतिक, सामाजिक मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।
लोगों से अपील घरों में रहकर जुड़े। विधायक श्री गेहलोत ने बताया कि 5 दशक से भी ज्यादा समय तक क्षेत्रवासियों की सेवा में लगे रहे स्वर्गीय गेहलोत की प्रतिमा के अनावरण समारोह में पूरे विधानसभा क्षेत्र व प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग आने के इच्छुक हैं। लंबे समय से लोग प्रतिमा की मांग कर रहे थे। परंतु कोरोना काल को देखते हुए लोगों से अपने घरों से ही सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देने और अपने संदेश देने की अपील की गई है। लोगों से समारोह में भी घरों से ही सोशल मीडिया के माध्यम से ही जुडऩे का आव्हान भी किया जा रहा है।

error: Content is protected !!