खबर पक्की, 8 अक्टूबर, रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जल जीवन मिशन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक में पेयजल व्यवस्था को लेकर सभी जनपदों में पंचायतवार समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इन बैठकों में कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक में प्रत्येक पंचायत में पेयजल की उपलब्धता, आवश्यकता तथा उपलब्ध अधोसंरचना की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पेयजल के लिए अधोसंरचना तैयार है, उसका समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। जनपदवार समीक्षा के बाद पेयजल की आवश्यकता का आकलन कर समग्र योजना तैयार की जाएगी। इसके आधार पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के माध्यम से राज्य शासन को आवश्यक संसाधनों की मांग भेजी जाएगी तथा उपलब्ध संसाधनों के अनुसार पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों को पेयजल की स्थाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल के लिए टैंकर की अस्थाई व्यवस्था को प्रोत्साहित नहीं किया जाए। जहां स्थाई पेयजल व्यवस्था संभव है, वहां आवश्यक कार्यवाही कर स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बताया गया कि बाजना एवं सैलाना में फ्लोराइड प्लांट की मरम्मत के संबंध में प्रस्ताव जिले से मुख्य अभियंता, इंदौर को भेजा गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दोनों प्लांट की मरम्मत से संबंधित प्रगति से निरंतर अवगत कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल जानकारी दी जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर ने गुणावत परियोजना से सेजावता ग्राम में प्रदाय किए जा रहे पेयजल की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने ग्राम में पानी के अत्यधिक उपयोग एवं दुरुपयोग को नियंत्रित करने के निर्देश दिए, ताकि उपलब्ध जल संसाधन का समुचित उपयोग सुनिश्चित हो सके और पेयजल की संभावित कमी की स्थिति से बचा जा सके। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी जनपदों में पंचायतवार पेयजल व्यवस्था की होगी समीक्षा : कटेसरिया, पंचायतें पेयजल की स्थाई व्यवस्था सुनिश्चित करें, टैंकर की अस्थाई व्यवस्था को प्रोत्साहित न करें
