• Thu. Oct 8th, 2026

20 तालाबों से पलेवा के साथ एक और 23 बैराज से तीन पानी मिलेगा, कलेक्टर ने अवैध जल दोहन पर पंप जब्ती और बिजली कनेक्शन काटने के दिए निर्देश

BySurendra Jain

Oct 8, 2026

खबर पक्की, 8 अक्टूबर, रतलाम। जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय सभागार में कलेक्टर श्री कटेसरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामोर, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री देव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के पर्याप्त जल उपलब्धता वाले 20 तालाबों से पलेवा के साथ एक पानी सिंचाई के लिए दिया जाएगा। वहीं 23 बैराज से पलेवा के साथ तीन पानी किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा। जिन तालाबों में 50 प्रतिशत से कम पानी उपलब्ध है, वहां सिंचाई के लिए पानी नहीं दिया जाएगा।
इन तालाबों से मिलेगा पानी : बंजली, बंबोरी, बिबडोद, कांगसी, चावलाखेड़ी, नाल, कोलवाखेड़ी, सूरजमल जैन, उमरन, अलीगढ़, असावता, बरखेड़ा खुर्द, बगुनिया, करवाखेड़ी, माधोपुर, पिपलियासिसौदिया, रूपनियाखाल, कनेरी, केसरियाकुंड और पलसोड़ी तालाब।
23 बैराजों में घटवास तालाब, आक्याताजली स्टॉपडेम, आलनपुर ठिकरिया, बानीखेड़ी (मिनाखेड़ा), बर्डिया राठौर, बटवाडिय़ा, भानपुर, बोरखेड़ी, धूतरिया, डोडियाना, गोंठड़ा, हलदुनी, हसनपालिया, इन्दपुरी, नारायणी, पाताखेड़ी, सिपावरा, तम्बोलिया वियर, ठिकरिया, बजरंगगढ़, खेड़ी, कुंदनपुर और सुंडी बैराज शामिल हैं।
कम पानी वाली फसलों को प्राथमिकता दें किसान
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने किसानों से उपलब्ध जल संसाधनों को ध्यान में रखते हुए कम पानी वाली फसलों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने मटर, चना, मसूर, हल्दी, मसाला फसलों और अश्वगंधा जैसी फसलों को अपनाने का आग्रह किया, ताकि जल का समुचित उपयोग हो सके।
अवैध जल दोहन पर सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अवैध रूप से पानी उठाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अवैध जल दोहन में उपयोग किए जा रहे पंप एवं अन्य संसाधनों को जब्त किया जाए तथा विद्युत विभाग संबंधित बिजली कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई करे। कनेक्शन काटे जाने के बाद भी पुनरावृत्ति होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने किसानों से जल संरक्षण तथा उपलब्ध जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

error: Content is protected !!