जयपुर। राजस्थान में बुधवार सुबह 123 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें जयपुर में 40, भरतपुर में 34, पाली और सीकर में 11-11, झुंझुनू में 9, नागौर में 5, कोटा में 3, अलवर में 2, बाड़मेर, भीलावाड़ा, बीकानेर, बूंदी, गंगानगर, झालावाड़ में 1-1 संक्रमित मिला। वहीं, दूसरे राज्य से आए 2 व्यक्ति भी पॉजिटिव मिले। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 11368 पहुंच गया। वहीं, जोधपुर में 1 मौत भी हुई। राज्य में मौत का आंकड़ा 256 पहुंच गया।
प्रदेश की सीमाएं बुधवार से फिर सील करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसकी अवधि 7 दिन बताई गई है।कोरोना के बढ़ते केसों के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया है। सरकार की तरफ से फिलहाल एसपी और डीएम को आदेश दे दिए गए हैं। सीमाएं सील होने के बाद राज्य के बाहर आने-जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी टोल नाकों पर अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया जा रहा है। अनलॉक-1 की शुरुआत के बाद राज्य में बाहर से आने वाले लोगों को छूट दी गई थी। गुड़गांव के लिए बसें भी शुरू की गई थीं।
जयपुर: पॉजिटिव से रिकवर व्यक्ति फिर संक्रमित
कोरोना के मामले में चौंकाने और डराने वाली हकीकत सामने आई है। पहले पॉजिटिव और फिर ठीक होने के बाद फिर से पॉजिटिव आ रहे हैं। डॉक्टर्स चिंतित हैं कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। फिलहाल, मेडिकल टीम ने शुरुआती जानकारियां जुटाना शुरू कर दिया है। जवाहर नगर निवासी व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया था। इसके बाद वह रिकवर हो गया और 15 मई को छुटटी दे दी गई। लेकिन, तीन दिन पहले ही उनकी तबीयत फिर खराब हो गई और निमाेनिया हो गया। अस्पताल आए और जांच की गई तो वे फिर से पॉजिटिव निकले।
कोरोना की रोकथाम के लिए अब 40 हजार टेस्ट प्रतिदिन करेंगे
चिकित्सा मंत्री डाॅ. रघु शर्मा ने बताया कि कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार का पूरा ध्यान टेस्टिंग पर है। विभाग ने पहले 25 हजार टेस्ट प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा था। उसे हासिल कर लिया है। अब अगला लक्ष्य 40 हजार टेस्ट प्रतिदिन करने का रखा गया है। पूरे देश में अब तक 40 लाख टेस्ट हुए हैं, इनमें से राजस्थान में अब तक 5 लाख 18 हजार 350 टेस्ट किए जा चुके हैं। हमारी टेस्टिंग क्षमता शून्य से 25150 तक जा पहुंची है।
भरतपुर: अब तक 314 रोगी ठीक होकर घर लौटे
सीएमएचओ ने बताया कि अब तक 314 मरीज स्वस्थ होने पर घर भेज दिए गए। जिले में अब तक 783 संक्रमित मिले। नई गाइडलाइन के मुताबिक, अब बिना लक्षण वाले संक्रमित मरीजों को घरों में ही होम आइसोलेट किया जा रहा है। इसके बाद मंगलवार को कोविड केयर सेंटर लगभग खाली हो गए। अब केवल 38 आरबीएम अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 6 मरीज कोविड केयर सेंटर में हैं।
जोधपुर में प्रतापनगर, महामंदिर में नए कंटेंनमेंट जोन
प्रशासन ने शहर के प्रताप नगर और महामंदिर में नए कंटेंनमेंट जोन बनाए हैं। प्रतापनगर क्षेत्र की सुथारों की गली की जगदंबा कॉलोनी में हीरालाल सुथार के मकान के आसपास के 10 मकान, बाबा रामदेव मंदिर के पास जगदंबा कॉलोनी चंदनसिंह का मकान और आसपास का क्षेत्र, मकान नंबर 209, 225 पुलिस चौकी प्रताप नगर के आगे पीछे का क्षेत्र कंटेंनमेंट जोन है। इसके सामने मकान नंबर 209 से 225 के आसपास की पूरी कॉलोनी को बफर जोन घोषित किया गया है।
अजमेर: कोरोना संक्रमण का ऐसा डर… 5 घंटे तक वार्ड में ही पड़ा रहा शव
जेएलएन के यूरोलॉजी वार्ड में भर्ती दो महिलाओं की मंगलवार को मौत हो गई। इन दोनों की सैंपलिंग करवाकर सबसे पहले रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए। दोपहर में इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई, इससे पहले सभी की सांसें अटकी रहीं। यदि इन दोनों की रिपाेर्ट पॉजिटिव आती तो पूरी यूनिट को बंद करना पड़ता। महिलाओं के शव 5 घंटे तक वार्ड में ही पड़े रहे। मर्च्युरी में शिफ्टिंग तक नहीं हो सकी।
पाली: गाजनगढ़ टोल नाके पर 26 कर्मचारी संक्रमित
गाजनगढ़ टोल नाके पर काम करने वाले 26 कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले। सभी को पाली स्थित कोविड केयर सेंटर लाया गया। इधर, एंबुलेंस में लगा एक नर्सिंगकर्मी भी संक्रमित हाे गया।
राजस्थान: अनलॉक-1/ 11 हजार के पार पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा, राज्य की सीमाएं 7 दिन के लिए फिर से सील
