• Wed. Aug 12th, 2026

डी.पी. धाकड़ की जिपं सदस्यता जाना तय, संभागायुक्त को भेजेंगे प्रस्ताव

BySurendra Jain

Aug 16, 2017

 

रतलाम। जिला पंचायत उपाध्यक्ष डीपी धाकड़ की जिला पंचायत से सदस्यता रद्द होना तय हो गया है। बुधवार को जिला पंचायत की बैठक के बाद यह तय हो गया है कि अगले कुछ दिनों में संभागायुक्त एम बी ओझा द्वारा उनकी सदस्यता रद्द करने का आदेश जारी कर दिया जाएगा। जिला पंचायत से इसका प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजने की तैयारी हो गई है।

मप्र पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत यदि कोई सदस्य लगातार 3 बार जिला पंचायत की बैठकों से नदारद रहता है तो उसकी सदस्यता रद्द कर दी जाती है। डी.पी. धाकड़ फिलहाल डेलनपुर हिंसा के मामले में जेल में बंद है और बुधवार को हुई बैठक सहित लगातार 3 बैठकों में वे अनुपस्थित रह चुके है। यही उनकी सदस्यता रद्द करने का अहम आधार बनेगा।

4 थानों के प्रभारी और सीएसपी भी जुटे

जिला पंचायत की बैठक में गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर 4 थानों के टीआई, सीएसपी विवेक सिंह और बड़ी संख्या में बल तैनात किया गया था। आशंका थी कि कांग्रेस के नेता इस बैठक को नहीं होने देंगे। हालांकि ऐसा कुछ नहीं हुआ। भाजपा के 8 सदस्यों सहित जनता दल यूनाईटेड की सदस्य कविता भगौरा सहित कुल 9 लोगों से बैठक का कोरम पूरा हो गया था। कांग्रेस के 5 सदस्य तो बैठक में आए ही नहीं। जो दो सदस्य प्यारीबाई डिंडोर और कमल देवदा पहुंचे थे उन्हें भी सांसद प्रतिनिधि और कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रभु राठौर अपने साथ बैठक कक्ष से बाहर ले गए। इस दौरान भाजपा से जिपं सदस्य रीतेश जैन और प्रभु राठौर के बीच कहासुनी भी हुई। जिला पंचायत सीईओ सोमेश मिश्रा बुधवार को अवकाश पर थे लिहाजा बैठक में उनके प्रतिनिधि के रूप में जिपं एडिशनल सीईओ दिनेश वर्मा शामिल हुए। वर्मा के अनुसार डीपी धाकड़ लगातार 3 बैठकों में अनुपस्थित रहे है लिहाजा उनकी सदस्यता रद्द करने का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेज दिया जाएगा।

डीपी ने भेजा जेल से सूचना पत्र

डीपी धाकड़ ने जेल से एक सूचना पत्र इस बैठक के लिए भेजा था। संभागायुक्त के नाम से भेजे गए इस सूचना पत्र में लिखा गया था कि मैं जेल में होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पा रहा हूं लिहाजा इस पत्र को ही मेरी उपस्थिति के रूप में मान्य किया जाए।

भाजपा ने बनाई थी रणनीति

जिपं उपाध्यक्ष डीपी धाकड़ की सदस्यता रद्द कराने के लिए भाजपा नेताओं ने बैठक के विधिवत आयोजन की रणनीति तय की थी। बैठक में भाजपा के सभी सदस्य शामिल हो इसके लिए पहले से पार्टी स्तर पर आदेश जारी किया गया था। बैठक के दौरान भी जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अशोक चोटाला, मंडी अध्यक्ष प्रकाश भगोरा, भेरूलाल पाटीदार आदि नेता अध्यक्ष प्रमेश मईड़ा के कक्ष में ही जमे रहे।

error: Content is protected !!