• Sat. Sep 19th, 2026

यू-ट्यूब चैनल से किस्से सुनाकर बढ़ाया जाएगा पुलिस का मनोबल

BySurendra Jain

May 8, 2020

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने अपना यू-ट्यूब चैनल लांच किया है। इस पर पुलिस के रोचक और वीरगाथा के किस्से वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों द्वारा सुनाए जाएंगे। यह भी बताया जाएगा कि विदेशी शासन में पुलिस कैसे काम करती थी।
उनके दौर के रोचक किस्से भी बताए जाएंगे। इसका उद्देश्य कोरोना संक्रमण के दौरान लगातार ड्यूटी करके तनाव में आ रहे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना है। इस पर हर दिन एक एपिसोड अपलोड किया जाएगा। चैनल को कोई भी सब्सक्राइब कर सकता है। इसके लिए यू-ट्यूब पर जाकर मप्र पुलिस सर्च करना होगा।
चैनल को एक बार सब्सक्राइब करना होगा इसके बाद जब इस पर कोई भी नया वीडियो या एपिसोड अपलोड किया जाएगा तो इसके नोटिफिकेशन मिलते रहेंगे। यह पूरी तरह मुफ्त रहेगा। इसके कंटेंट की मॉनिटरिंग पुलिस प्रशिक्षण शाखा करेगी। साथ ही कई वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी भी इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने इस चैनल में संदेश देकर पुलिस बल की प्रशंसा की और उन्हें प्रोत्साहित किया है। साथ ही पुलिसकर्मियों से अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया है।
कोरोना के खिलाफ जंग लड़ते हुए शहीद हुए पुलिस के जाबांजों के लिए श्रद्धांजलि भी इस चैनल पर अपलोड की गई है। कोरोना संकटकाल में कठिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के मनोरंजन एवं उन्हें तनाव मुक्त रखने के लिए रोचक किस्सों की श्रृंखला ‘किस्सागोई’ सहायक पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण मलय जैन द्वारा चैनल पर प्रसारित की जा रही है।
इसी तरह सहायक पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण निमिषा पांडेय द्वारा इंग्लिश लर्निंग एवं सायबर पुलिस अधीक्षक इंदौर जितेंद्र सिंह द्वारा ई-लर्निंग के रूप में मोबाइल, लैपटॉप व अन्य गैजेट के बारे में चैनल पर जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
इनका कहना है
पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा रहे इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऑनलाइन चैनल भी इसीलिए शुरू किया गया है। इसके अलावा भी उन्हें तनाव से दूर रखने के सारे प्रयास किए जा रहे हैं।
-विवेक जौहरी, डीजीपी, मध्यप्रदेश

You missed

error: Content is protected !!