• Sun. Sep 20th, 2026

मध्य प्रदेश सरकार ने लागू किया एस्मा, कोरोना संक्रमण रोकने के लिए बड़ा कदम

BySurendra Jain

Apr 8, 2020

भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर बताया कि नागरिकों के हित को देखते हुए कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के बेहतर प्रबंधन के लिए आज से सरकार ने मध्य प्रदेश में एसेंशियल सर्विसेज़ मैनेजमेंट एक्ट जिसे एस्मा या हिंदी में ‘अत्यावश्यक सेवा अनुरक्षण कानून’ कहा जाता है, तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। इंदौर के चंदन नगर में पुलिस पर पथराव के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इंदौर में कोरोना वायरस संक्रमण से बुधवार सुबह एक और व्यक्ति की मौत की जानकारी सामने आई है। इंदौर मेडिकल कॉलेज डीन ने इसकी पुष्टि की है, इसको मिलाकर इंदौर में अब तक 16 मौत हो चुकी है। आज भोपाल में करीब 22 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की सूचना है, वहीं उज्जैन में दो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ग्वालियर में आज से टोटल लॉकडाउन शुरू किया गया है।
डॉ प्रभाकर तिवारी बने भोपाल के सीएमएचओ
भोपाल के सीएमएचओ डॉ सुधीर डेरिया को शासन ने हटा दिया है। उन्हें सीहोर का सीएमएचओ बनाया गया है। वही सीहोर के सीएमएचओ डॉ प्रभाकर तिवारी को भोपाल का नया सीएमएचओ बनाया गया है। बता दें कि हफ्ते भर पहले भी डहेरिया को सीएमएचओ पद से हटाकर जेपी अस्पताल में बतौर विशेषज्ञ पदस्थ किया गया था। बाद में एक प्रशासनिक अधिकारी के कहने पर 6 घंटे के भीतर ही उन्हें फिर भोपाल का सीएमएचओ बना दिया गया था।
बैरागढ़ में कोरोना वायरस पॉजिटिव निकली एक महिला
भोपाल के समीप बैरागढ़ के कम्युनिटी हॉल रोड क्षेत्र में एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गईं है। पुलिस और डॉक्टरों की टीम ने इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया है। जानकारी के मुताबिक महिला स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारी है। इसके बाद उनके पूरे परिवार को क्वारंटाइन कर दिया गया है।
मध्य प्रदेश में ट्रांसपोर्ट कार्य में लगे ट्रकों ने ना रोका जाए
मध्य प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि ट्रांसपोर्ट कार्य के लिए ट्रकों को ना रोका जाए। सरकार के संज्ञान में आया था की विभिन्न जिलों में ट्रकों की आवाजाही पर रोक लगाई जा रही है। खाली ट्रकों को भी सामान भरने के लिए गोडाउन तक नहीं जाने दिया जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं के परिवहन के लिए इन सेवाओं का जारी रहना जरूरी है।
कटनी में 6 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव
कटनी के कैमोर में मिले 6 संदिग्धों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इससे स्वास्थ्य महकमे ने राहत की सांस ली है। सीएमएचओ डॉक्टर एसके निगम ने बताया जबलपुर से आई सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं, इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग एहतियातन सावधानी बरत रहा है। कैमोर में आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।
भोपाल में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या पहुंची 105
भोपाल में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 105 पहुंची। बुधवार को 21 नए पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। इसमें स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी, पुलिस और पत्रकार के संक्रमित होने की सूचना। अधिकारिक पुष्टि शाम तक होगी। फिलहाल मुकेश बागड़े, अजय जैन, मनोज मीना, राजू मालवीय, निदा, मोहम्मद तारिक, पवन सिंह व जुगल किशोर के नाम कंफर्म हुए हैं।
इंदौर के चंदन नगर में पुलिसकर्मियों पर पथराव, 5 गिरफ्तार
इंदौर के चंदन नगर इलाके में मंगलवार शाम दो पुलिस‍कर्मियों पर पथराव की घटना सामने आई है। इसको लेकर 6 आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है, जिसमें से 5 को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक दो पुलिसकर्मी इलाके में लॉकडाउन के दौरान गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक वैन देखी जिसमें कई लोग बैठे हुए थे। जब उनसे पूछताछ की गई तो पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगे और फिर पथराव शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई।

error: Content is protected !!