रतलाम। किसान आंदोलन के दौरान 4 जून को डेलनपुर में हुए घटनाक्रम के मुख्य आरोपी जिपं उपाध्यक्ष डी.पी. धाकड़ को न्यायालय के निर्देश पर 24 घंटे के लिए पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस ने इस मामले में 57 लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए थे। कांग्रेस नेता व जिला पंचायत उपाध्यक्ष डीपी धाकड़ को भी मुख्य आरोपी बनाया गया था। डीपी धाकड़ 55 दिनों तक पुलिस को चकमा देकर फरार रहे तथा अचानक ही अपना हुलिया बदलकर 28 जुलाई शुक्रवार को रतलाम न्यायालय में पेश हुए जहां उन्हें न्यायालय में जेल भेज दिया था। इस मामले में पुलिस ने न्यायालय से अपील की थी कि डीपी धाकड़ के वाइस रिकार्डिंग सेंपल लिया जाना है। शुक्रवार को न्यायालय ने पुलिस द्वारा लगाए गये आवेदन को खारिज कर दिया था। पुलिस ने डीपी धाकड़ के विरुद्ध तीन अलग-अलग प्रकरण बनाये थे। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेश चौहान ने सोमवार को पुन: दूसरे प्रकरण में न्यायालय के समक्ष आवेदन देकर डीपी धाकड़ का पुलिस रिमांड मांगा। न्यायालय ने इस मामले में पुलिस को 24 घंटे के लिए डीपी धाकड़ को रिमांड पर भेजा है। डीपी धाकड़ के एडवोकेट कैलाश धाकड़ व पुष्पेन्द्रसिंह पंवार ने बताया कि डीपी धाकड़ के विरुद्ध पुलिस ने अलग-अलग तीन प्रकरण बना रखे है। शुक्रवार को एक मामले में उन्होंने रिमांड मांगा था जिसका आवेदन न्यायालय में खारिज कर दिया था लेकिन दूसरे मामले में उन्होंने पुलिस रिमांड मांगा जिस पर न्यायालय ने 24 घंटे के लिए पुलिस रिमांड दिया है। डीपी धाकड़ को न्यायालय से पुलिस औद्योगिक क्षेत्र थाना लेकर पहुंची।
