• Wed. Aug 5th, 2026

रेलगाड़ियों पर भी कोरोना वायरस की मार, कुल 48 ट्रेनें हुईं रद्द

BySurendra Jain

Mar 17, 2020

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का असर ट्रेनों पर दिखना शुरू हो गया है। कम यात्रियों की वजह से करीब 48 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। मध्य रेलवे ने 25 ट्रेनों को कोविड-19 के एहतियाती उपायों और सीटें खाली रहने की वजह से रद्द कर दिया है। इनमें से सिर्फ एक दिल्ली आती है। इसके अलावा नॉर्दन रेलवे की भी 6 ट्रेनें रद्द की हैं। इन्हें 31 मार्च तक रद्द किया गया है।
मध्य रेलवे की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है जबकि कुछ के फेरे कम किए गए हैं। इसके अलावा दक्षिण-मध्य रेलवे ने कम यात्रियों के चलते 17 ट्रेनों को रद्द किया है।
कोरोना वायरस के मद्देनजर अधिक भीड़ को हतोत्साहित करने के प्रयास के तहत रेलवे के कुछ जोनों ने प्लेटफार्म टिकट का दाम 10 रूपये से बढ़ाकर 50 रूपये कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ऐसा पश्चिम रेलवे जोन के छह संभागों मुम्बई, वड़ोदरा, अहमदाबाद, रतलाम, राजकोट, भावनगर में किया गया है। इन संभागों में ढाई सौ रेलवे स्टेशन हैं। अधिकारियों के अनुसार दक्षिण रेलवे जोन के केवल चेन्नइ में ही प्लेटफार्म टिकट का दाम बढ़ा दिया गया है। मध्य जोन के सभी स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट के मूल्य में वृद्धि कर दी गयी है। इस जोन में पांच संभाग– मुम्बई (सीएसटी), भुसावल, नागपुर, सोलापुर और पुणे हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कोरोना वायरस के मद्देनजर भीड़ नियंत्रित करने के लिए प्लेटफार्म टिकट का दाम बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय स्तर पर किया गया है। मार्च, 2015 को रेलवे ने संभागीय रेलवे प्रबंधकों को विशेष परिस्थितियों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफार्म टिकट की दर 10 से बढ़ाने का अधिकार दे दिया था।

You missed

error: Content is protected !!