रतलाम। कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी नागरिक सार्वजनिक संपर्क से बचे। ऐसे किसी भी आयोजन से दूरी बनाए रखें जहा ज्यादा लोगों से संपर्क की संभावना है। यह अपील कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा नागरिकों से की गई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा भी भोपाल में बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने अपील की है कि नागरिक हेल्थ जिम, माल या बड़ी दुकानों में भी लोगों से संपर्क में आने से बचें। कलेक्टर ने कहा है लोगों का सार्वजनिक संपर्क से परहेज एवं दूरी बनाए रखना ही कोरोना वायरस से बचाव का सबसे सशक्त एवं कारगर उपाय है। अत: नागरिक ऐसे स्थानों पर नहीं पहुंचे, जहां ज्यादा लोग एकत्र होते हो। विभिन्न कार्यक्रमों में भी एक दूसरे से संपर्क से दूरी बनाए रखें।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रभाकर ननावरे तथा रतलाम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दीक्षित ने भी कलेक्टर की अपील से सहमति व्यक्त करते हुए नागरिकों से सार्वजनिक संपर्क से बचने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि नागरिक सावधानी रखें, कोरोना वायरस से स्वयं तथा परिवार को बचाने के लिए अन्य लोगों के संपर्क से बचें।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए नागरिक सार्वजनिक संपर्क से बचें, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने की अपील
