खबर पक्की, 13 सितंबर, रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार जिले में बड़े होटल व रेस्टोरेंट की जांच हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके परिपालन में रतलाम तथा जावरा में स्थित होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया।
रतलाम में समता सागर होटल का निरीक्षण किया गया जहां से जांच हेतु पनीर काबुली चना एवं रेड चेरी के नमूने लिए गए। इसी क्रम में होटल सेंट्रल बालाजी सैलाना रोड का निरीक्षण किया गया। जहां से जांच हेतु चपाती में चिपडऩे वाले बटर का नमूना लिया गया। मौके पर साफ सफाई एवं खाद्य पदार्थों के उचित तरीके से रखरखाव के निर्देश दिए गए।
जावरा में दही, पनीर एवं रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल द्वारा ढाबा शब्बा न्यू जैन ढाबा भूतड़ा टोल नाके के पास जावरा का निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रभारी प्रकाश पिता प्रेमनाथ सिद्ध फर्म का संचालन करते पाए गए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत मिलावट की शंका के आधार पर दही का नमूना लिया गया। मौके पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने को कहा गया। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस एवं पेस्ट कंट्रोल के सर्टिफिकेट दिखाने को कहा गया एवं साफ सफाई रखने के लिए निर्देशित किया गया।
इसी प्रकार होटल रमैया पैलेस रूपनगर फंटा जावरा रतलाम से प्रोपराइटर दीपक राठौर पिता शंकर लाल राठौर से खाद्य पदार्थ पनीर एवं रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया।
लिए गए सभी नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल को भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियम अनुसार कार्यवाही की जाएगी। नमूना एवं निरीक्षण कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने रतलाम एवं जावरा के होटल एवं रेस्टोरेंट का किया निरीक्षण, जांच के लिए बटर, दही एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
